चंडीगढ़ | हरियाणा में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में कार्यरत ग्रुप C व D के कर्मचारियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. इन कर्मचारियों के पास भी अब कनिष्ठ अभियंता (जेई) या फिर अपर उपमंडल अभियंता (एएसडीई) बनने का अवसर रहेगा. राज्य में अब जेई के 85 प्रतिशत पदों पर सीधी भर्ती होगी जबकि 10% पद ग्रुप C और 5% पद ग्रुप D कर्मचारियों के लिए आरक्षित रहेंगे.
पूरी करनी होगी ये पात्रता
बता दें कि हरियाणा की मनोहर सरकार ने जेई और एएसडीई के सेवा नियमों में बदलाव कर दिया है. सिंचाई विभाग में जेई के कुल 1341 पद हैं, जिनमें 1208 पद जेई सिविल, 93 जेई यांत्रिक और 40 पद जेई विद्युत विभाग के हैं. अब ग्रुप C और D कर्मचारियों को प्रमोशन के लिए विभागीय परीक्षा में शामिल होना होगा.
इस परीक्षा में 54 साल से कम आयु के कर्मचारी ही पात्र होंगे. प्रमोशन के लिए इन कर्मचारियों को परीक्षा में 60% अंक हासिल करना अनिवार्य होगा. अगर आरक्षित पदों के लिए परीक्षा पास करने वाले कर्मचारियों की संख्या अधिक हुई तो बाकी कर्मचारियों को उसी वर्ष में रिक्त होने वाले पदों पर मेरिट के अनुसार नियुक्ति दी जाएगी.
18 साल की संतोषजनक सेवा के बाद जेई बन सकेंगे एएसडीई
कनिष्ठ अभियंता के पद पर 18 साल की संतोषजनक सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को अपर उपमंडल अभियंता के पद पर पदोन्नत किया जाएगा. केवल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त डिप्लोमा या डिग्री रखने वाले उम्मीदवार ही पात्र होंगे. सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना सेवा में रहते हुए प्राप्त की गई उच्चतर योग्यता को किसी सेवा लाभ के लिए स्वीकार नहीं किया जाएगा.
