हरियाणा में लोकसभा चुनावों से पहले किसानों ने कर दिया बड़ा ऐलान, 19 और 22 मई को रैली की घोषणा

कैथल | हरियाणा में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर- राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा द्वारा लोकसभा चुनावों से पहले इंसाफ यात्रा की शुरुआत करते हुए प्रदेश के हर गांव में घूमकर कैथल के पाई गांव में 19 मई को किसान रैली करने की घोषणा की गई है. इसके अलावा, किसान आंदोलन के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष में 22 मई को शंभू, खनौरी, डबवाली और रतनपुरा मोर्चों पर किसान रैली का भी आयोजन किया जाएगा.

Kisan Aandolan go sonipat

रैलियों से पड़ेगा चुनावों पर असर

बता दें कि हरियाणा में आगामी 25 मई को लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और किसानों द्वारा आयोजित की जाने वाली इन दोनों ही रैलियों का आयोजन चुनावों से पहले होगा. ऐसे में यह माना जा रहा है कि इन रैलियों का असर चुनावों पर जरुर पड़ेगा.

मंगलवार को शुरू की गई इंसाफ यात्रा

गांव पहलादपुर किडौली से भारतीय किसान नौजवान यूनियन के अध्यक्ष अभिमन्यु कोहाड़ के नेतृत्व में मंगलवार को इंसाफ यात्रा शुरू की गई. यह यात्रा प्रदेश भर के विभिन्न गांव से होकर गुजरेगी और 19 मई को कैथल के पाई गांव में पहुंचेगी.

इस बारे में जानकारी देते हुए अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि जब किसानों द्वारा फसलों के उचित दाम की मांग के लिए दिल्ली कूच किया जा रहा था, तब उनके रास्ते रोके गए और उन पर गोले भी दागे गए.

फसल और नस्ल को बचाने के लिए एकजुट होना जरूरी

उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान एकजुट होकर ही अपनी फसल और आने वाली नस्ल को बचा सकते हैं. यह इंसाफ यात्रा किसान, मजदूर और बेरोजगारों के हक और सड़कों पर घसीटी गई बहनों के इंसाफ की लड़ाई के लिए निकाली जा रही है. किसानों की इंसाफ यात्रा मंगलवार को गांव ककरोई, गोरड़, गुमाना, बिचपड़ी और शामड़ी गांव में पहुंची.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts