हरियाणा में फैमिली आईडी बनी मुसीबत की जड़, प्रशासन ने 3 सदस्यों की फैमिली को बना दिया 68 सदस्यों का परिवार

भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले में एक फैमिली को परिवार पहचान पत्र (PPP) ने मुसीबत में डाल दिया है. यहां गांव जमालपुर में एक परिवार में 3 सदस्य हैं, लेकिन PPP में 68 सदस्य दर्शाए गए हैं. इसको लेकर यह परिवार CSC सेंटर, खंड विकास अधिकारी कार्यालय और एडीसी कार्यालय की भागदौड़ कर परेशान हो चुका है, लेकिन उसका समाधान नहीं हो रहा है. उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित होना पड़ रहा है.

FAMILY ID

3 की जगह दिख रहे हैं 68 सदस्य

गांव जमालपुर निवासी संदीप पुत्र श्री कृष्ण ने बताया कि जब उसका परिवार पहचान पत्र बना तब उसमें वह स्वयं, उसकी पत्नी पूजा और माता कमला सहित कुल 3 सदस्य थे. साल 2021 में उनकी मां का निधन हो गया था. इसके बाद उनके घर बेटी का जन्म हुआ. उसकी मां के जीवित रहते परिवार पहचान पत्र में 3 सदस्य शामिल थे लेकिन अब उसका परिवार पहचान पत्र चेक करने पर सामने आया कि उसका नंबर बदल गया है. इसमें 3 सदस्यों की जगह पर 68 सदस्य दर्शाए गए हैं.

पोर्टल पर नहीं दिख रही आईडी

संदीप ने बताया कि जब उसने दोनों परिवार पहचान पत्र की संख्या को जांचा, तो दोनों ही आईडी ऑनलाइन पोर्टल पर नहीं दिख रही है. गांवों में लगे कैंप में भी उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उसने बवानी खेड़ा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में भी टीम से सम्पर्क स्थापित किया. तब उन्होंने एडीसी कार्यालय में जाने की सलाह दी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के 3 जिलों को बड़ी सौगात, गांवों में खुलेंगे नए स्वास्थ्य केंद्र; नहीं लगाने पड़ेंगे शहरों के चक्कर

आगे उन्होंने बताया कि अब इस समस्या को लेकर उसने भिवानी एडीसी कार्यालय में अर्जी दाखिल की है. यदि अब भी उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वह परिवार सहित सीएम नायब सैनी से गुहार लगाएगा. संदीप ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए सरकार ने फैमिली आईडी बनाई थी, लेकिन यह सुविधा अब उसके गले की फांस बन गई है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.