हरियाणा में बड़ा स्कूल हादसा, बस पलटने से 13 बच्चे घायल; 3 की हालत नाज़ुक

करनाल | हरियाणा में एक बार फिर बड़ा स्कूल बस हादसा घटित हुआ है. यहां करनाल के निसिंग में बस्तली पुनियानां सड़क मार्ग पर स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेतों में पलट गई. हादसे के वक्त बस में 40 बच्चे सवार थे. इस हादसे में 13 बच्चे घायल हुए हैं जिनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है.

SCHOOL BUS
प्रतीकात्मक तस्वीर

इस वजह से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आज सुबह रायल पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेकर पूनियानां की ओर आ रही थी. इस दौरान बस के सामने अचानक से व्यक्ति आ गया. ड्राइवर ने बस को कंट्रोल करने की कोशिश की लेकिन रफ्तार ज्यादा होने की वजह से वह नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क पर मिट्टी होने की वजह से बस फिसल गई और पलटें खाती हुई खेतों में जा गिरी.

बच्चों में चीख-पुकार मच गई

ग्रामीणों ने बताया कि बस के पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग भागकर आए और दर्द से कराह रहें बच्चों को बस से बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायल बच्चों को निसिंग अस्पताल ले जाया गया जहां 10 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि 3 बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उनका इलाज चल रहा है. वहीं, इस हादसे में बस कंडक्टर को भी हाथ में फ्रेक्चर हुआ है.

ड्राइवर से पूछताछ

इस मामले को लेकर निसिंग थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. ड्राइवर से हादसे की वजह को लेकर पूछताछ हो रही है. वहीं, बच्चों के परिजनों ने स्कूल बस ड्राइवर पर ज्यादा गति और लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाते हुए प्रिंसिपल से उसपर कार्रवाई करने की मांग की है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.