दिल्ली से UP के लोनी बार्डर की दूरी मात्र 20 मिनट में होगी पूरी, न्यू ईयर पर मिलेगी नए एक्सप्रेसवे की सौगात

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली- NCR क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से जारी रखने की दिशा में नए हाइवे और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली से UP के लोनी बार्डर की ओर रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है.

express way

दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे तैयार

नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने जानकारी दी है कि दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. इससे बनने से न सिर्फ लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि इसके नजदीकी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का भी तेजी से विकास होगा. NHAI ने बताया है कि नए साल से इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया जाएगा. इस एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली के अक्षरधाम से लोनी बार्डर तक की दूरी मात्र 20 मिनट में पूरी कर सकेंगे, जबकि पहले एक घंटे तक का समय लगता था. इससे लोगों का पैसा और समय दोनों की बचत होगी.

1323 करोड़ रूपए लागत

NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर धीरज सिंह ने बताया कि दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे का 31.6 किलोमीटर का शुरुआती हिस्सा (अक्षरधाम से EPE क्रॉसिंग, खेकड़ा तक) लगभग बनकर तैयार हो चुका है. इसमें 18 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड भी शामिल हैं, जिसके निर्माण पर 1,323 करोड़ रूपए की लागत आई है. इसके साथ ही, सिक्स लेन सर्विस रोड का निर्माण भी किया गया है. ट्रायल पूरा होने के बाद केवल फिनिशिंग का काम बचा है, जिसे अगले महीने पूरा कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़े -  दिल्ली की सड़कों पर सुगम होगी आवाजाही, 4 नए फ्लाईओवर से छू- मंतर होगा ट्रैफिक जाम

12 हजार करोड़ का नया एक्सप्रेसवे

212 किलोमीटर लंबे दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण पर 12 हजार करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च हुई है. ये दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर बागपत, शामली, सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाएगा. अक्षरधाम से खेकड़ा (EPE जंक्शन) और बागपत से सहारनपुर तक 2- 2 चरणों में निर्माण हो रहा है. पहले चरण का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है.

स्थानीय लोगों को भी मिलेगा फायदा

इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से दिल्ली से लोनी, गाजियाबाद, सोनिया विहार, करावल नगर और यमुना पुश्ता जैसे क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी. अक्षरधाम से सीधे एक्सप्रेसवे के जरिए इन क्षेत्रों तक तेजी से और कम खर्च में सफर किया जा सकेगा. आने वाले समय में यह प्रोजेक्ट दिल्ली- एनसीआर से उत्तराखंड के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे उत्तराखंड की हसीन वादियों का सफर बेहद ही आसान और कम समय में ज्यादा दूरी को तय करने में मदद मिलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.