हरियाणा में बिजली के लिए मोबाइल की तरह करना होगा रिचार्ज, करीब 3 लाख घरों में लगेंगे स्मार्ट प्रीपेड मीटर

चंडीगढ़ | केंद्र सरकार रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत हिंदुस्तान की बिजली वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रही है और इसी योजना के तहत हरियाणा में भी प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाएं जाएंगे. केंद्रीय उर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पहले चरण में सरकारी कर्मचारियों के घर से इस योजना की शुरुआत की जाएगी. जबकि दूसरे चरण में आम उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर लगाएं जाएंगे. स्मार्ट मीटर लगने के बाद मोबाइल की तरह ही बिजली मीटर को रिचार्ज करना होगा.

ELECTRONIC METER

खरीदना होगा बिजली वाउचर या टोकन

प्रीपेड बिजली मीटर का इस्तेमाल करने से पहले उसका भुगतान करने की एक प्रणाली होगी. इसमें बिजली का इस्तेमाल करने के लिए उपभोक्ता को बिजली बाउचर या टोकन खरीदना होगा. इन वाउचर को मीटर में डालकर बिजली आपूर्ति को चालू किया जा सकेगा.

बिजली वाउचर खत्म होने के बाद बिजली आपूर्ति को फिर से चालू करने के लिए नए वाउचर खरीदने होंगे. मोबाइल में जिस तरह हम वैल्यू पैक लेते हैं उसी तरह बिजली मीटर में जितना यूनिट चाहिए, उतना रिचार्ज कर सकेंगे. यूनिट पूरी होते ही बिजली बंद हो जाएगी. इससे पहले दो से 3 अलर्ट मैसेज मोबाइल पर आएंगे.

बकाया नहीं रहेगा उपभोक्ताओं का बिल

हर कनेक्शन के मीटर की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि बिजली चोरी रोकी जा सके. स्मार्ट मीटर में खास बात यह है कि इसे मोबाइल की तरह रिचार्ज करना होगा, जितना रिचार्ज उपलब्ध होगा उतनी ही बिजली मिलेगी. इससे बिजली चोरी रोकने में मदद मिलेगी.

यह भी पढ़े -  सिरसा, हिसार समेत 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, हरियाणा मौसम विभाग ने दी चेतावनी

उपभोक्ताओं का बिल भी बकाया नहीं होगा. सबसे पहले प्रीपेड मीटर सरकारी महकमों में लगाए जाएंगे. फिर घरेलू व व्यवसायिक कनेक्शनों में प्रीपेड मीटर लगेंगे. एग्रीकल्चर कनेक्शन को इस स्कीम में शामिल नहीं किया जाएगा.

बिजली कंपनी को मिलेगा सिग्नल

स्मार्ट मीटर में एक डिवाइस होगी, जो मोबाइल टावर से बिजली कंपनियों में लगने वाले रिसीवर तक सिग्नल पहुंचाती है. इससे बिजली कंपनियां दफ्तर से मीटर की रीडिंग और निगरानी कर सकती हैं. ऐसा होने पर मीटर रीडिंग के लिए कर्मचारी भेजने की आवश्यकता नहीं रहेगी. साथ ही, रीडिंग लिखने में होने वाली गलती से भी निजात मिल जाएगी. मीटर के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की जानकारी भी हाथों- हाथ मिल सकेगी.

स्क्रीन पर दिखेगी खपत

मीटर की स्क्रीन पर उपभोक्ता को मौजूदा बिजली, शेष बिल और खपत के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी. उपभोक्ता इसमें प्रीपेड भुगतान कर सकेंगे यानि जितना भुगतान किया जाएगा, उतनी ही बिजली मिलेगी. मोबाइल कंपनियों की तरह इनमें भी पैकेज होंगे. बिजली लोड बढ़ने पर मीटर में अलार्म बजेगा, जिससे उपभोक्ता को तुरंत जानकारी मिल जाएगी और खपत कम कर सकेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.