हरियाणा में नए जिले बनाने की कवायद शुरू, पंचायत मंत्री की अध्यक्षता में कमेटी गठित

चंडीगढ़ | हरियाणा में नए जिले, उपमंडल, तहसील और उप- तहसील बनाने के लिए फिर से कवायद शुरू हो गई है. सूबे की नायब सैनी सरकार (Haryana Govt) ने मंत्रियों की एक कमेटी गठित की है जो 3 महीने में जिला, तहसील और कस्बों की प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.

Nayab Singh Saini

पंचायत मंत्री की अध्यक्षता में कमेटी गठित

प्रदेश सरकार में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है जिसमें शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, राजस्व मंत्री विपुल गोयल और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को शामिल किया गया है.

विधायक हो सकते हैं शामिल

वित्तायुक्त राजस्व और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने नई कमेटी के गठन को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं. यदि जरूरत पड़ी तो कुछ और विधायकों को भी इस कमेटी में जगह दी जा सकती है. इसके अलावा, वित्तायुक्त राजस्व तथा विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव रिपोर्ट तैयार करने में कमेटी की मदद करेंगे.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार, 766 नए संस्थानों को मिली मंजूरी

इन शहरों को जिला बनाने की मांग

हिसार के हांसी, सिरसा के डबवाली, गुरुग्राम के मानेसर, सोनीपत के गोहाना और करनाल के असंध को लंबे समय से जिला बनाने की मांग चली आ रही है. हांसी और डबवाली फिलहाल पुलिस जिले हैं, इसलिए इनके सामान्य जिले बनने में कोई अधिक बाधा नहीं है. इसी तरह भिवानी के बवानी खेड़ा और रोहतक के कलानौर को उपमंडल बनाने की मांग लंबे समय से विचाराधीन है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.