अंबाला | पंजाब- हरियाणा की सीमा पर स्थित शंभू बार्डर पर कई महीनों से आंदोलनरत किसानों ने दिल्ली कूच के लिए नई रणनीति तैयार की है. शुक्रवार यानि 6 दिसंबर को भी इन किसानों ने शंभू बार्डर से पैदल दिल्ली जाने के लिए कूच किया था, लेकिन हरियाणा पुलिस ने इन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया. अब किसान 8 दिसंबर को दिल्ली के लिए कूच करेंगे.
हरियाणा पुलिस ने किसानों को रोका
6 दिसंबर यानि कल किसानों ने दिल्ली जाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन अंबाला के शंभू बार्डर पर हरियाणा पुलिस ने किसानों के इरादों को नाकाम कर दिया. हरियाणा पुलिस ने दिल्ली जाने की जिद पर अड़े किसानों पर आंसु गैस के गोले छोड़े और आंखों में जलन के लिए पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया. इस कश्मकश में कई किसान घायल हुए, जिसके बाद किसान नेताओं को दिल्ली कूच के फैसले को स्थगित करते हुए पीछे हटना पड़ा.
केंद्र सरकार को दी डेडलाइन
किसान नेता श्रवण सिंह पंधेर ने केंद्र सरकार को 7 दिसंबर तक की डेडलाइन दी है. उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा आंसु गैस के गोले दागे जाने से कुछ किसान घायल हुए हैं, जिसके बाद दिल्ली कूच को स्थगित करना पड़ा. पंढेर ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने उनसे पूछा कि आप किस स्तर की बातचीत चाहते हैं तो हमने बताया कि हम चाहते हैं कि केंद्र सरकार का मंत्री और खास तौर पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हमसे बातचीत करें वर्ना हम 8 दिसंबर को दोपहर 12 बजे फिर से दिल्ली के लिए कूच करेंगे.
श्रवण सिंह पंधेर ने बताया कि पुलिस ने हमारी बात ऊपर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया है जिसके बाद हमने दिल्ली कूच को एक दिन के लिए टाल दिया है. हम पुलिस से किसी भी तरह का टकराव नहीं चाहते हैं. हरियाणा सरकार के अधिकारियों ने हमसे मांगपत्र मांगा है. हम बातचीत का इंतज़ार करेंगे और अगर बातचीत नहीं होती है तो 8 दिसंबर को फिर दिल्ली कूच के लिए आगे बढ़ेंगे.
