नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो (Delhi Metro) से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि भीड़- भाड़ से दूर और कम समय में सफ़र तय करना है, तो आपको दिल्ली मेट्रो से बेहतर विकल्प नहीं मिलेगा. आज मेट्रो की सेवाएं दिल्ली- NCR के लगभग हर कोने तक पहुंच चुकी है. अब DMRC एक ऐसे रूट की योजना बना रहा है, जिसपर आने वाला हर स्टेशन VIP होगा.
मौजूदा VIP स्टेशन
मेट्रो से सफर करते हुए केंद्रीय सचिवालय, दिल्ली हाट INA, जनपथ, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, लाल किला, लोक कल्याण मार्ग, कुतुब मीनार, राजीव चौक, सुप्रीम कोर्ट जैसे कई VIP स्टेशन रास्ते में आते हैं, लेकिन यह सभी वीआईपी स्टेशन अलग- अलग रूट पर पड़ते हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) एक ऐसी मेट्रो लाइन की योजना बना रहा है, जिसपर सभी स्टेशन VIP होंगे. यह मेट्रो लाइन करीब 7 किलोमीटर तक लंबी होगी, लेकिन यह लाइन दिल्ली के बहुत ही खूबसूरत और ऐतिहासिक जगहों तक पहुंचने में मदद करेगी.
ग्रीन लाइन का विस्तार
DMRC जिस वीआईपी लाइन की योजना बना रहा है, वह पहले से ही प्रस्तावित 12.3 किलोमीटर लंबे इंद्रलोक- इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर (ग्रीन लाइन) का विस्तार होगा. यानि इसी 12.3 km की लाइन का 6- 7 किलोमीटर और आगे विस्तार किया जाएगा, जिस पर हर स्टेशन VIP होगा. उसे इंद्रप्रस्थ स्टेशन से नॉर्थ ब्लॉक तक बनाया जाएगा. इस रूट में भारत मंडपम, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, प्रस्तावित युगे युगेएन भारत म्यूजियम और साउथ ब्लॉक को जोड़ा जाएगा.
अंडरग्राउंड मेट्रो
डीएमआरसी जिस वीआईपी लाइन पर विचार कर रहा है. यदि इसे मंजूरी प्रदान की जाती है, तो यह पूरी तरह से अंडरग्राउंड मेट्रो होगी. यह दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थलों और सभी 10 प्रस्तावित सरकारी भवनों को कनेक्ट करेगी, ताकि लोग बिना किसी रूकावट के पर्यटन स्थलों और सरकारी कार्यालयों तक पहुंच सकें. इस लाइन के निर्माण से इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर पहुंच आसान हो जाएगी. इससे सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन का दबाव भी कम होगा. अभी लोगो को सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन पर उतरकर पैदल या ऑटो से इंडिया गेट पहुंचना पड़ता है.
DPR का इंतजार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस रूट को लेकर अभी अधिकारियों के स्तर पर ही विचार हो रहा है. इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट DPR तैयार होने का इंतजार किया जा रहा है.
