नई दिल्ली | नमो भारत ट्रेन में सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है. दरअसल, रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम (RRTS) प्रोजेक्ट पर भी तेजी से काम चल रहा है. बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली- NCR क्षेत्र में आमजन के सफर को सुगम बनाने की दिशा में ट्रैफिक कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में कई प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है. वहीं, मेट्रो का भी विस्तार किया जा रहा है.

जल्द दिल्ली तक दौड़ेगी नमो भारत
दिल्ली- मेरठ RRTS कॉरिडोर के एक हिस्से मेरठ साउथ से साहिबाबाद के बीच नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो चुका है और इसे जल्द ही दिल्ली के न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन से भी कनेक्ट कर दिया जाएगा. इन सबके बीच नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने नए साल से पहले आमजन को शानदार तोहफा दिया है.
टिकट खरीद पर 10 फीसदी की मिलेगी छूट
RRTS कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले लोगों को टिकट खरीद पर 10% की छूट का तोहफा दिया जाएगा. इससे यात्रियों को हर 100 रूपए पर 10 रूपए की बचत का लाभ मिलेगा. यदि आप 100 रूपए की टिकट लेते हैं, तो आपको सिर्फ 90 रूपए ही खर्च करने होंगे.
NCRTC ने बताया कि नमो भारत ट्रेन के यात्रियों को लॉयल्टी प्वाइंट्स प्रोग्राम का फायदा मिलेगा. इसके लिए नमो भारत ट्रेन से सफर करने वालों को RRTS कनेक्ट मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड करना होगा. इसके माध्यम से खरीदे गए टिकटों पर 10% की छूट का लाभ मिलेगा. शनिवार को साहिबाबाद RRTS कॉरिडोर स्टेशन से इस पहल की शुरूआत की गई है.
NCRTC का लॉयल्टी प्रोग्राम
NCRTC ने यात्रियों के लिए लॉयल्टी प्रोग्राम लांच किया है. इसके तहत, यात्रियों की ओर से नमो भारत ट्रेन टिकट पर खर्च किए जाने वाले हर 1 रुपये पर एक प्वाइंट मिलेगा. एक लॉयल्टी प्वाइंट का वैल्यू 0.10 (10 पैसा) होगा. नमो भारत ट्रेन के लिए टिकट खरीदते वक्त इसे यात्री के अकाउंट में क्रेडिट कर दिया जाएगा.
NCRTC का कहना है कि इस पहल से न केवल यात्रियों को आर्थिक लाभ होगा, बल्कि RRTS कनेक्ट ऐप्लिकेशन के माध्यम से डिजिटल QR कोड के उपयोग से टिकट खरीदने को भी बढ़ावा मिलेगा.
एक और खुशखबरी
NCRTC ने एक और अच्छी खबर सुनाई है कि RRTS ऐप्लिकेशन का पहली बार इस्तेमाल करने वाले लोगों को एक साथ 500 लॉयल्टी प्वाइंट्स क्रेडिट का लाभ मिलेगा. यानि ऐप्लिकेशन का पहली बार इस्तेमाल करने वाले लोगों को 50 रूपए मिलेंगे और वे इसका इस्तेमाल नमो भारत ट्रेन में सफर के दौरान कर सकेंगे. RRTS कनेक्ट एप्लिकेशन को Google Play Store से डाउनलोड किया जा सकता है.