करनाल | हरियाणा में लगातार तीसरी बार BJP सरकार बनाने पर सूबे की जनता का आभार व्यक्त करने के लिए सीएम नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं. इसी कड़ी में सोमवार को मुख्यमंत्री करनाल जिले के इंद्री विधानसभा क्षेत्र पहुंचे. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इंद्री हल्के की जनता ने लगातार तीसरी बार यहां से बीजेपी प्रत्याशी को जीत दिलाकर विधानसभा भेजने का काम किया हैं और इसके लिए मैं सभी का आभारी हूं.
कई योजनाओं की घोषणाएं
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इंद्री विधानसभा क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए लगभग 11 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत की कुल 4 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. इनमें मुगल माजरा गांव में 33 kV सब- स्टेशन तथा मटक माजरी में स्विमिंग पूल का उद्घाटन शामिल है. उन्होंने इंद्री विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के लिए 5 करोड़ रूपए की राशि का ऐलान किया. उन्होंने हल्के के एकसमान विकास के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रूपए आवंटित करने की भी घोषणा की.
सीएम नायब सैनी ने इंद्री विधानसभा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए कहा कि इंद्री के उप- स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करके प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बनाया जाएगा. इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी. उन्होंने एक और घोषणा करते हुए कहा कि इंद्री- जैनपुर रोड से इंद्री- खेड़ा रोड तक कच्ची सड़क को पक्का किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन में सुविधा होगी.
आज इंद्री विधानसभा की म्हारा हरियाणा नॉन-स्टॉप हरियाणा धन्यवाद रैली में इंद्र देवता प्रसन्न हुए। इतनी बारिश और ठंड के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में रैली में पहुंचे अपने परिवारजनों को शीश झुका कर प्रणाम किया और उनका धन्यवाद किया।
आपके इसी उत्साह और जोश ने प्रदेश में लगातार तीसरी… pic.twitter.com/faOkHnI9TP
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) December 23, 2024
किसानों की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान
अपने संबोधन में छठ पूजा घाट के निर्माण की मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस धार्मिक स्थल का निर्माण जल्द ही शुरू होगा. इसके साथ ही, धनोरा एस्केप की जल निकासी समस्या के स्थायी समाधान का भी उन्होंने ऐलान किया. सीएम ने कहा कि जल निकासी की समस्या से किसानों की फसलें खराब होती हैं और इसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा.
