हरियाणा में कादियान खाप के ऐतिहासिक फैसले, DJ और रात की शादियों पर रोक; गांव की सीमाओं से दूर होंगे ठेके

झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिले में खाप पंचायत की ओर से समाज सुधार की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है. यहां गांव बेरी में कादियान खाप की ओर से 16 गांवों की एक महापंचायत बुलाई गई थी. कादियान खाप के प्रधान राजपाल कादियान की अध्यक्षता में हुई इस महापंचायत में कई बड़े फैसलों पर आपसी सहमति जताई गई है.

panchayat
प्रतीकात्मक तस्वीर

DJ पर प्रतिबंध

कादियान खाप की इस महापंचायत में सबसे बड़ा फैसला कादियान खाप के 16 गांवों में DJ बजाने पर रोक और दिन में शादियां करने का लिया गया है. प्रधान राजपाल कादियान ने कहा कि रात की शादियों में अक्सर नशे के चलते डीजे पर कहासुनी होती है और कुछ ही पल में खुशियां मातम में बदल जाती है.

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में डीजे पर कहासुनी के चलते गोली चलने की घटनाएं तक सामने आई है. वहीं, ग्रामीण इलाकों में बढ़ते नशे और अपराध को देखते हुए ग्राम पंचायत और प्रशासन के सहयोग की बदौलत शराब के ठेकों को कादियान खाप के 16 गांवों की सीमाओं से दूर करवाया जाएगा ताकि पढ़ाई और खेलों की तरफ युवाओं का ध्यान बना रहे.

युवाओं को किया जाएगा सम्मानित

कादियान खाप के 16 गांवों में एक स्पेशल अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत खेलों और पढ़ाई में उम्दा प्रदर्शन करने वाली होनहार प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा. बैठक के बाद कादियान खाप के प्रतिनिधिमंडल ने झज्जर के लघु सचिवालय में पहुंच कर डीसी प्रदीप दहिया और पुलिस उपायुक्त लोकेश से मुलाकात कर उनके अभियान को सफल बनाने का सहयोग मांगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.