नई दिल्ली | अबकी बार New Year पर अगर आपका कहीं घूमने जाने का प्लान है, तो आज हम आपको एक ऐसी जगह के बारे में बताएंगे. यहां जाकर आप अपने नए साल को बेहतरीन बना सकते हैं. आपको जीवन का यादगार अनुभव मिलेगा. साथ ही, राजस्थानी संस्कृति को जानने का भी मौका मिलेगा. जिस जगह की हम बात कर रहे हैं, उसका नाम है ‘चोखी ढाणी’.
जयपुर के पास स्थित पारंपरिक ग्रामीण थीम पर आधारित इस रेसॉर्ट को राजस्थान की संस्कृति, भोजन और लोक कला के मिश्रण के तौर पर तैयार किया गया है. आगामी 31 दिसंबर और 1 जनवरी को यहाँ कई सांस्कृतिक प्रोग्राम होंगे,जो पर्यटकों के मनोरंजन में इजाफा करेंगे.
लोक संस्कृति से होंगे रूबरू
यहाँ राजस्थानी लोक संगीत, नृत्य, कठपुतली शो के अलावा राजस्थानी व्यंजनों का भी आनंद उठाया जा सकेगा. दाल बाटी चूरमा, गट्टे की सब्जी और मिर्ची बड़ा पर्यटकों के स्वाद को बढ़ाते नजर आएँगे. इसके अलावा, यहाँ से स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए वस्त्र, आभूषण और सजावटी सामान की खरीदारी भी की जा सकेगी. यहाँ मिलने वाली हस्त सामग्री काफी एंटीक होती है. इसके अलावा आप जैसलमेर, जोधपुर की तरह ऊंट और बैलगाड़ी का मजा भी ले पाएंगे.
देर रात तक होंगे कार्यक्रम
नए साल पर यहाँ शाम से देर रात तक कार्यक्रम आयोजित होंगे. इतना सब जानकर अगर आपका मन यहाँ विज़िट करने का हो चुका है, तो आपको इसकी बुकिंग अभी कर लेनी चाहिए. ऐसा इसलिए क्योंकि नए साल के अवसर पर यहाँ काफी ज्यादा भीड़ रहने वाली है. अगर आप बुकिंग करना चाहें, तो ढाणी रिसॉर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. यहाँ न्यू ईयर स्पेशल ऑफर के तहत प्रति व्यक्ति के लिए 8,399 रुपए है, इस किराए को देने के बाद आप यहाँ होने वाली हर एक गतिविधि में भाग ले पाएंगे.
