रोहतक | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) द्वारा 24 फसलों को MSP पर खरीदने की घोषणा की गई थी, जिसका नोटिफिकेशन भी अब जारी कर दिया गया है. किसानों को अब मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा, ताकि वह सरकारी योजनाओं का लाभ ले पाए और मंडी में MSP पर अपनी फसल बेच पाए. जिन किसानों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है, तो वह जल्दी ही अपनी फसल का पंजीकरण करवा लें.
15 हजार से ज़्यादा किसानों ने करवाया रजिस्ट्रेशन
जिला कृषि विभाग के टीए मोहित कुमार ने बताया कि जिले में रबि फसल की बुवाई हुई है. विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, 15,244 किसानों द्वारा 95,169 एकड़ जमीन का रजिस्ट्रेशन करवाया गया है. पात्र किसान मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फरवरी तक पंजीकरण करवा पाएंगे. उसके बाद, किसान सरकार द्वारा दी जा रही आर्थिक मदद का लाभ नहीं उठा पाएंगे.
MSP पर फसल बेचने के लिए करवाएं रजिस्ट्रेशन
मंडियों में MSP पर फसल को बेचने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आवश्यक है. यदि किसी किसान ने पोर्टल पर पंजीकरण नहीं करवाया है, तो उसे किसी प्रकार की सरकारी आर्थिक मदद नहीं मिल पाएगी, ना ही वह अपनी फसल को MSP पर बेच पाएगा. यदि किसी को पोर्टल पर कोई परेशानी आती है तो वह कृषि विभाग में आकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकता है.
मोहित कुमार ने जानकारी दी कि जिन किसानों के गांवों की चकबंदी का काम नहीं हुआ है, तो वह खेत के मालिक के नाम से रजिस्ट्रेशन करवा सकता है. अगर किसी किसान ने पट्टे पर जमीन लेकर फसल उगाई है, तो वह भी पोर्टल पर अपनी फसल का रजिस्ट्रेशन करवा सकता है.
