अंबाला | आए दिन सड़कों पर हादसे होते रहते हैं, जिनमें हर रोज कई लोग अपनी जान भी गंवाते रहते हैं. सरकार और विभिन्न संस्थाओं द्वारा इन पर रोकथाम लगाने के व्यापक इंतजाम भी किए जाते हैं, लेकिन फिर भी कहीं ना कहीं कमी रह जाती है. इसी कड़ी में अब सड़क हादसों को कंट्रोल करने के लिए हरियाणा के अंबाला जिले में रोड सेफ्टी आर्गेनाइजेशन की तरफ से लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया गया.
लोगों को किया गया जागरूक
इस दौरान आर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष गौरव मिगलानी की अध्यक्षता में टीम ने ट्रैफिक पुलिस के साथ जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान अग्रसेन चौक पर लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया गया. इस मौके पर जो दो पहिया वाहन बिना हेलमेट के नजर आए, उन्हें गुलाब का फूल देखकर नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गई और उन्हें यातायात के नियमों के बारे में जागरूक किया गया. इसके अलावा जिन चार पहिया वाहन चालकों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, उन्हें भी फूल देकर नए साल की शुभकामनाएं दी गई.
टीम ने लोगों से की अपील
इस मौके पर गौरव मिगलानी ने जानकारी दी कि उनकी टीम द्वारा समय- समय पर लोगों को यातायात के नियमों के बारे में जागरूक किया जाता है. उन्होंने आज वाहन चालकों को ट्रैफिक रूल्स का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि आजकल छोटे बच्चे भी तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं जो काफी जोखिम भरा होता है. वह खुद भी अपना जीवन खतरे में डालते हैं, साथ ही औरों के लिए हादसों का सबब बनते हैं.
