चंडीगढ़ | उत्तर भारत के राज्यों में इन दिनों हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है, जिसके चलते बुजुर्गो और बच्चों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है. वहीं, सर्दियों की छुट्टियों की बात करें तो चंडीगढ़ में 13 जनवरी यानि कल सोमवार से स्कूल खुल जाएंगे. हालांकि, इस बीच बढ़ती हुई ठंड को देखते हुए चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव कर स्कूली बच्चों को बड़ी राहत प्रदान की है.
सर्दियों की छुट्टियां हुई खत्म
चंडीगढ़ में स्कूलों की सर्दियों की छुट्टियां 11 जनवरी को खत्म हो चुकी है. आज 12 जनवरी यानि रविवार की छुट्टी रहेगी, लेकिन 13 जनवरी से सभी स्कूल खुल जाएंगे. ऐसे में लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया है. कंपकंपा देने वाली ठंड और कोहरे के चलते यह फैसला लिया गया है.
यह होगी नई टाइमिंग
चंडीगढ़ शिक्षा विभाग द्वारा जारी नई टाइमिंग के अनुसार, सिंगल शिफ्ट वाले स्कूलों में सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर ढाई बजे तक कक्षाएं लगेगी, जबकि डबल शिफ्ट वाले स्कूलों में कक्षा छठी से 12वीं का समय सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर ढाई बजे तक और कक्षा पहली से पांचवीं का समय दोपहर साढ़े 12 बजे से दोपहर साढ़े 3 बजे तक रहेगा.
चंडीगढ़ के प्राइवेट स्कूलों में भी कक्षा का समय सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर ढाई बजे तक रहेगा. प्राइमरी कक्षाओं के लिए विशेष 3 घंटे का समय सुबह साढ़े 9 बजे से रहेगा, जबकि प्री- बोर्ड परीक्षाओं के लिए अलग से समय निर्धारित किया जाएगा. इस संबंध में चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की ओर से सूचना दी जाएगी.
