चंडीगढ़ | हरियाणा के जो युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए सरकार ने एक बड़ा ऐलान किया है. सरकार के इस फैसले से युवाओं को काफी लाभ होने वाला है. हरियाणा सरकार (Haryana Govt) के इस नए निर्णय के अनुसार अब युवाओं को कॉलेजों में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी.
22 कॉलेजो में बन चुके हैं स्मार्ट क्लास रूम
हरियाणा के सरकारी कालेजों में स्मार्ट क्लास रूम के जरिये विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी. प्रदेश के 22 कालेजों में स्मार्ट क्लास रूम बनाए जा चुके हैं. 48 कालेजों में 83 लैब स्थापित हो गई हैं. इस योजना का लाभ खास तौर पर ग्रामीण युवाओं को होगा. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उच्चतर शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव कविनीत गर्ग को निर्देशित किया कि हर कालेज में आधारभूत ढांचे सहित सुविधाओं पर रिपोर्ट पेश की जाए.
हर कॉलेज में स्थापित होगा वाचनालय
नायब सैनी का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण पाठन सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए शहरों में वाचनालय की स्थापना की जाएगी. पंचकूला में बड़ा वाचनालय स्थापित किया जाएगा. प्रत्येक कालेज में वाचनालय होंगे. कालेज बंद होने के बाद भी यह वाचनालय खुले रहेंगे ताकि छात्र पठन- पाठन का कार्य यहाँ कर पाये.
विदेशी भाषा सीखने की दिशा में किया जा रहा प्रयास
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का कहना है कि स्कूलों में विदेशी भाषा सिखाने की दिशा में भी कोशिश की जाए. फ्रांस एंबेसी से फ्रेंच भाषा सिखाने के लिए एमओयू करने की योजना पर काम चल रहा है. विदेशी भाषा सीखने के बाद यदि कोई युवा विदेश जाता है, तो उसे ज्यादा परेशानी नहीं आएगी.
