अंबाला | हरियाणा में अंबाला के NH- 44 पर अब ANPR कैमरों की सहायता से ओवरस्पीड पर या लापरवाही से वाहन चलाने वालों के चालान काटे जाएंगे. इस प्रक्रिया के लिए जल्दी NH- 44 पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन कैमरे (ANPR) काम करते हुए दिखाई देंगे. इस बारे में जानकारी देते हुए SHO जोगिंदर ने बताया कि भविष्य में ANPR कैमरों की सहायता से गलत तरीके से वाहन चलाने वालों को E- चालान उनके घर भेजे जाएंगे.
20 जगह लगाए गए कैमरे
शंभू बॉर्डर से कुंडली तक 20 जगह ये कैमरे लगाए गए हैं, जो कि ओवरस्पीड व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के चालान काटेंगे. इसके अलावा, संदिग्ध वाहनों की भी पहचान करने में ये मददगार साबित होंगे. चालान की राशि को ऑनलाइन भरा जा सकेगा. अप्रैल 2017 में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश भर में ANPR कैमरे लगाए जाने की घोषणा की थी. उसके बाद, अगस्त 2019 में हरियाणा पुलिस द्वारा 20 स्थानों पर कैमरे लगवाए गए थे. अंबाला- कुंडली के बीच की 186 किलोमीटर की दूरी के बीच अंबाला में 3, कुरुक्षेत्र में 4, करनाल में 6, पानीपत में 3 और सोनीपत में 4 साइट्स पर यह कैमरे लगाए जाने थे.
सिक्योरिटी सिस्टम पर चल रहा काम
वर्तमान में ऑनलाइन पेमेंट सिस्टम को हैकिंग से बचने के लिए सिक्योरिटी का काम चल रहा है. साल 2022 में इन कैमरों के इंस्टॉलेशन के बाद कई बार सफल ट्रायल भी हो चुका है. इस दौरान एक दिन में कैमरों की सहायता से 790 काटे गए थे. वर्तमान में पुलिस इंटरसेप्टर द्वारा हर रोज डेढ़ घंटे के दौरान 15 से 20 चालान ही काटे जा रहे हैं. जब कभी मौसम खराब होता है, तो इंटरसेप्टर चालान काटने में असमर्थ होता है.
कैमरा कर लेता है वाहन की सारी डिटेल्स कैद
ANPR कैमरे वाहन की नंबर प्लेट को कैप्चर कर लेते हैं. इससे वाहन की सारी डिटेल जैसे इंश्योरेंस, फिटनेस और प्रदूषण की जानकारी भी पता लग जाती है. इस प्रकार यदि वाहन में कोई अनियमितता पाई जाती है, तो उसके मालिक के घर ई- चालान भेज दिया जाएगा. जब तक इस चालान को नहीं भरा जाएगा तो यह राशि आरसी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट पर पेंडिंग शो करती रहेगी.
