अंबाला | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि अंबाला छावनी में बन रहा डोमेस्टिक एयरपोर्ट फरवरी तक पूरी तरह से चालू हो जाएगा. इसके शुरू हो जाने के बाद हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और हिमाचल प्रदेश तक हवाई कनेक्टिविटी मिल जाएगी. ख़ास बात ये है कि यहाँ से बड़े विमान उतर सकेंगे और सभी मौसमों में उड़ान भरना संभव हो पाएगा. फ्लाइट संचालन के लिए हरियाणा सरकार द्वारा एयरलाइंस के साथ समझौता हो चुका है, जिसमें अंबाला और हिसार दोनों शामिल हैं.
तैयारियां हुई पूरी
शनिवार को डोमेस्टिक एयरपोर्ट का निरीक्षण करने पहुंचे विज ने कहा कि एयरपोर्ट से जुड़ी सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. निरीक्षण के दौरान अनिल विज ने एयरपोर्ट परिसर के खाली स्थानों की उचित लैवलिंग और सफाई करवाने के निर्देश दिए. इस दौरान अधीक्षण अभियंता ने विज को बताया गया कि सुरक्षा उपकरण जल्द ही एयरपोर्ट पर पहुँच जाएंगे और इन्हें सभी जरूरी पॉइंट्स पर लगा दिया जाएगा. विज के साथ अधीक्षण अभियंता हरपाल सिंह, कार्यकारी अभियंता रितेश अग्रवाल और कई स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे.
हरियाणा पुलिस के जवान होंगे तैनात
विज ने बताया कि एयरपोर्ट पर पहले केंद्रीय पुलिस की तैनाती का विचार था, लेकिन अब हरियाणा पुलिस ही यहाँ की सुरक्षा संभालेंगी. इस कार्य के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है. विज ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री से आग्रह किया है कि इंडियन एयरलाइंस और इंडिगो जैसी प्रमुख एयरलाइंस को भी यहाँ शामिल किया जाए, ताकि अन्य राज्यों के लिए उड़ानों की सुविधा सुनिश्चित हो सके. इस एयरपोर्ट से न केवल व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि हरियाणा और आसपास के राज्यों के नागरिकों को सुविधाजनक हवाई यात्रा का लाभ भी मिलेगा.
