महाकुंभ 2025: कांग्रेस नेता करेंगे प्रयागराज संगम स्नान, भूपेंद्र हुड्डा की अगुवाई में लगाएंगे आस्था की डुबकी

झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिले में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा (Deepender Hooda) ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ स्नान में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का एक दल भी जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि महाकुंभ में हरियाणा से जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांग्रेस विशेष व्यवस्थाएं करेगी.

Mahakumbh Mela

कांग्रेस करेगी श्रद्धालुओं की सेवा

रोहतक लोकसभा क्षेत्र से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी महाकुंभ में हरियाणा से जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन, ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं का प्रबंध करेगी. उन्होंने बताया कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस नेता संगम में स्नान करेंगे और आस्था की डुबकी लगाएंगे.

किसान आंदोलन पर सरकार को घेरा

इस अवसर पर दीपेंद्र हुड्डा ने पंजाब और हरियाणा के बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन पर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की. उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है. सरकार किसानो के अधिकारों की अनदेखी कर रही है. उन्होंने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों पर बोलते हुए कहा कि लोग आज भी कांग्रेस सरकार के दौरान किए गए विकास कार्यों को याद करते हैं. इस बार भी पार्टी दिल्ली में पहले से अच्छा प्रदर्शन करेगी.

कार्यकर्ताओं से की अपील

दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पहले से अधिक मेहनत करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की. इस दौरान उनके साथ झज्जर से विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts