चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों स्टूडेंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. शैक्षणिक सत्र 2025- 26 में स्कूलों की सूरत बदलने की जद्दोजहद शुरू हो गई है. दरअसल, शिक्षा विभाग ने पहली से 12वीं कक्षा तक के स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 700 करोड़ रुपए से ज्यादा का एस्टीमेट तैयार किया है. हाई व सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के अलावा प्राइमरी और मिडिल स्कूलों के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है.

सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर
पिछले दिनों सीएम नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की थी. इसके बाद, विभाग ने यह बजट मांगने की तैयारी की है. हालांकि, 17 जनवरी को इन मांगों को लेकर अंतिम रुप शिक्षा मंत्री देंगे. वे फिर से शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेंगे और विभाग के कार्यों की सूची सीएम को सौंपेंगे. सीएम बजट में इन कार्यों के लिए राशि तय करेंगे. सभी योजनाओं पर कुल कितनी राशि खर्च होगी, इस पर अंतिम निर्णय बैठक में होगा. विभाग के कार्यों के लिए कितनी राशि की जरुरत होगी, यह सीएम को भेजी जाएगी.
1495 पीएम श्री, संस्कृति मॉडल, क्लस्टर स्कूलों के लिए भी योजना
शिक्षा विभाग ने पीएम श्री, संस्कृति मॉडल और क्लस्टर स्कूलों के लिए भी योजना तैयार की है. कुछ पुराना बजट प्रयोग करने के बाद यह मांग भेजी गई है, ताकि इन स्कूलों का सुधार हो सके. शिक्षा विभाग ने 1420 मॉडल संस्कृति स्कूलों के लिए भी अनुमानित बजट तैयार किया है. बजट से टूटी हुई चार दीवारी, नई चार दीवारी, टॉयलेट, रैंप व कमरे बनाए जाएंगे. इन स्कूलों में सोलर एनर्जी सिस्टम स्थापित किए जाएंगे.
स्कूलों में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी. इसके लिए पहले ही सीएम नायब सैनी के साथ बैठक हो चुकी है. अब फिर से बैठक होगी. इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर पूरा फोकस है, स्कूलों में सुविधाओं की कमी नहीं रहने दी जाएगी- महीपाल ढांडा, शिक्षा मंत्री, हरियाणा