झज्जर | कहते हैं जीवन को पूरी तरह से समझ लेने के बाद लोग आध्यात्म की ओर चले आते हैं. इस कहावत को हरियाणा के झज्जर निवासी अभय सिंह (Abhay Singh) ने चरितार्थ कर दिखाया है. प्रयागराज महाकुंभ मेले से आई उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं. इसके पीछे की वजह जानकर आप हैरान रह जाएंगे.
IIT मुंबई से इंजिनियरिंग
प्रयागराज महाकुंभ मेले से बाबा के रूप में दिखाई दे रहे अभय सिंह ने IIT मुंबई से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में बीटेक किया है. उन्होंने भारत और कनाडा की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी भी की थी, लेकिन आध्यात्म के प्रति उनके झुकाव ने उनको बाबा बना दिया. इसी वजह से वो कुंभ मेले में सुर्खियां बटोर रहें हैं.
पिता ने बताई पूरी कहानी
झज्जर कोर्ट में बतौर अधिवक्ता प्रेक्टिस करने वाले अभय सिंह के पिता करण ग्रेवाल ने बताया कि बेटा बचपन से ही पढ़ाई में बहुत होशियार था. स्थानीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने के बाद उसने दिल्ली से IIT परीक्षा की कोचिंग ली थी. फिर उसने IIT मुंबई से बीटेक की डिग्री हासिल की. इसके बाद, उसने मास्टर्स ऑफ डिजाइनिंग का कोर्स भी किया था.
पिता ने आगे बताया कि कनाडा से नौकरी छोड़कर भारत लौटने पर वह कई दिनों तक मनाली, शिमला, हरिद्वार समेत कई अन्य जगहों पर घूमता रहा. उन्होंने बताया कि करीब 6 महीने पहले हमारी अभय सिंह से आखिरी बार बातचीत हुई थी. उसके बाद, पता नहीं चला कि वो कहां गायब हो गया. उसने अपने परिवार से बिल्कुल दूरी बना ली.
घर वापसी की मन्नतें कर रहा परिवार
करण ग्रेवाल ने बताया कि हमारा परिवार चाहता है कि वह वापस घर लौट आए, लेकिन अब जब उन्हें बाबा बने हुए देखा तो ये उम्मीद खत्म होती नजर आ रही है. बाबा बनने के बाद उनके बेटे का वापस परिवार में लौटना अब शायद संभव नहीं है. बेटा अभय भी कहता है कि संन्यासी बनने के बाद अब ये संभव नहीं है. हमें संदेह था कि वो हरिद्वार में हो सकता है. अब प्रयागराज महाकुंभ मेले से जब उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, तो हमें यकीन हो गया कि वह सही सलामत है.
