चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में आज रात से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 22 और 23 जनवरी को राज्य के अधिकतर इलाकों में तेज हवा और गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. आज 21 जनवरी को सुबह जींद, हिसार और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई. वहीं, यमुनानगर में सुबह घना कोहरा छाया रहा, लेकिन विभाग का अनुमान है कि शाम तक वहां भी मौसम खराब हो सकता है.
सोमवार को हरियाणा के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया था. दिन में तेज धूप निकलने से ठंड से राहत महसूस की गई, लेकिन अगर रात से मौसम बदलता है तो तापमान में फिर गिरावट आ सकती है.
दो दिन होगी बरसात
कई इलाकों में घना कोहरा छाने की भी संभावना बनी हुई है. चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 21 जनवरी को पूरे दिन मौसम शुष्क बना रहेगा. रात में उत्तर और उत्तर- पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान गिरने की संभावना है. कुछ इलाकों में हल्की धुंध भी छाई रह सकती है, जिससे रात में ठंड बढ़ सकती है. इसके बाद, 22 और 23 जनवरी को राज्य में बारिश का दौर चलेगा, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है. 23 जनवरी के बाद फिर से मौसम साफ और शुष्क हो जाएगा.
सक्रिय होगा एक और पश्चिमी विक्षोभ
हरियाणा में इस महीने अब तक तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुके हैं, जिनके कारण बारिश देखने को मिली है. पहला पश्चिमी विक्षोभ 5 जनवरी को आया था, जिससे हल्की बारिश हुई थी. दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 11 जनवरी को सक्रिय हुआ, लेकिन इसका असर ज्यादा नहीं दिखा. तीसरा पश्चिमी विक्षोभ 15 जनवरी को आया, जिसने कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई थी. अब 22 और 23 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते राज्य में बारिश और ठंडी हवाओं का असर महसूस किया जाएगा.
