भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) द्वारा 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों की संशोधित डेट शीट घोषित कर दी गई है. इस बारे में जानकारी देते हुए बोर्ड सचिव अजय चोपड़ा ने बताया कि सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाओं की तिथियां में बदलाव किया गया है. 12 मार्च को सीनियर सेकेंडरी की होने वाली रसायन विज्ञान, लेखांकन व लोक प्रशासन विषय की परीक्षा अब 15 मार्च को आयोजित होगी. वहीं, 15 मार्च को होने वाली राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा अब 12 मार्च को होगी.
नया शेड्यूल
इसी क्रम में गणित विषय की जो परीक्षा 18 मार्च को होनी थी, वह अब 20 मार्च को होगी. वहीं, 20 मार्च को समाजशास्त्र और उद्यमिता विषय की परीक्षा अब 18 मार्च को आयोजित करवाई जाएगी. बोर्ड के सचिव अजय चोपड़ा ने जानकारी दी कि सेकेंडरी कक्षा की हिंदी परीक्षा, जो पहले 28 फरवरी को होनी थी, अब 7 मार्च को आयोजित की जाएगी. 7 मार्च को निर्धारित गणित की परीक्षा अब 28 फरवरी को कराई जाएगी.
5 मार्च को होने वाली सामाजिक विज्ञान की परीक्षा को 17 मार्च को, जबकि 17 मार्च को आयोजित होने वाली संस्कृत, उर्दू, चित्रकला, कृषि, कंप्यूटर साइंस, शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा, गृह विज्ञान, हिंदुस्तानी संगीत, पशुपालन, नृत्य और संस्कृत साहित्य की परीक्षा अब 5 मार्च को संपन्न कराई जाएगी.
आधिकारिक वेबसाइट पर हुई अपलोड
संशोधित डेट शीट को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के आधिकारिक वेबसाइट www.bse.org.in पर अपलोड कर दिया गया है. बताते चलें कि दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा 28 फरवरी से 19 मार्च 2025 तक संचालित की जाएगी, वहीं 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होगी और अंतिम परीक्षा 2 अप्रैल 2025 को होगी.
