अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों (Electric Bus) का संचालन होने जा रहा है. यह कदम प्रदेश सरकार ने प्रदूषण को कम करने और सार्वजनिक परिवहन को सुधारने के लिए उठाया है. गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को परिवहन मंत्री अनिल विज अंबाला में इन इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे. इस योजना के तहत, अंबाला शहर और अंबाला छावनी के बीच 5 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा.
लोगों को मिलेगी राहत
शहर में अब तक 15 मिनी बसें चल रही हैं, लेकिन अब इसमें 5 नई इलेक्ट्रिक बसों को जोड़ा जाएगा. ये बसें पुराने लोकल रूटों पर चलेंगी. ये बसें प्रदूषण रहित, वातानुकूलित और बिना शोर वाली होंगी. इससे लोगों को एक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा. इस बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि अंबाला शहर के कई अन्य शहरों में भी इलेक्ट्रिक बसों को चलाया जाएगा. इसी तर्ज़ पर पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, हिसार जैसे शहरों में भी 50- 50 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी.
खरीदी जाएंगी 500 बसें
इस तरह कुल 500 इलेक्ट्रिक बसों का खरीदने का फैसला लिया गया है. इन बसों में 45 सीटों के अलावा 18 खड़ी सवारियों के लिए जगह होगी. इनमें डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, और ट्रैकिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी दी जाएंगी.
इन बसों के रूट्स पहले ही तय कर दिए गए हैं, जिनमें केसरी, दुखेड़ी से नन्हेड़ा, पंजोखरा साहिब, सुभाष पार्क, कैपिटल चौक, छावनी बस स्टैंड से अंबाला शहर और बोह से बब्याल जैसे प्रमुख रूट शामिल हैं. यह परियोजना राज्य सरकार के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. बता दें कि अब से पहले ही 375 इलेक्ट्रिक बसों का आदेश दिया जा चुका है और कई शहरों में सिटी बस सेवा डिपो भी बनाए जा रहे हैं.
