नई दिल्ली | दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के एक बयान को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है. दरअसल, केजरीवाल ने अपने एक बयान में कहा था कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी के पानी में जहर मिला दिया है. उनके इस बयान को लेकर हरियाणा सीएम नायब सैनी ने केजरीवाल को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने बयान के लिए हरियाणा और दिल्ली की जनता से तुरंत माफी मांगे, नहीं तो उनके खिलाफ मानहानि केस दर्ज कराया जाएगा. सैनी ने कहा कि हरियाणा के लोग यमुना नदी की पूजा करते हैं, वे भला पानी में जहर क्यों मिलाएंगे.
अब क्या फांसी पर चढ़ाओगे?
हरियाणा सीएम के बयान पर पलटवार करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पानी के ऊपर राजनीति ठीक नहीं है, आपको पाप लगेगा सैनी साहब. लोगों की बद्दुआ लगेगी. केस करना है तो करो. वैसे भी कोई कसर छोड़ रखी है, अब क्या फांसी पर चढ़ाओगे.
सीएम सैनी ने केजरीवाल से पूछे 6 सवाल
- इंजिनियर्स ने किस तरह निष्कर्ष निकाला कि पानी में जहर है.
- कौन सा जहर डाला गया.
- कितने टन जहर डाला गया.
- सीमा पर पानी को कैसे रोका.
- दीवार कौन सी जगह पर बनाई.
- पानी जहरीला था तो कितनी मछलियां मरी.
केजरीवाल का पूरा ब्यान
27 जनवरी को दिए एक भाषण में अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की बीजेपी सरकार पर यमुना नदी के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को पीने के लिए पानी हरियाणा और यूपी से मिलता है. यमुना नदी के जरिए हरियाणा से होकर पानी दिल्ली आता है. हरियाणा की बीजेपी सरकार ने इस पानी को जहरीला बना दिया है.
जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया. बीजेपी सरकार ने यमुना नदी के पानी में ऐसा जहर मिला दिया है, जिसे जल उपचार संयंत्रों द्वारा भी साफ नहीं किया जा सकता है. इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है. दिल्ली में अफरातफरी का माहौल पैदा करने के लिए बीजेपी वालो ने ऐसा किया है, ताकि दिल्ली के लोग मरे और उसका सारा दोष आम आदमी पार्टी पर जड़ दिया जाएं. उन्होंने कहा कि यह एक सामूहिक नरसंहार होता.
इतनी गंदी राजनीति देश ने आज तक नहीं देखी थी। अगर दिल्ली की जनता BJP को वोट नहीं दे रही, तो क्या दिल्ली की जनता को ज़हर मिला पानी पिलाकर मार दोगे?
हरियाणा से आने वाले पानी में वहाँ की बीजेपी सरकार ज़हर मिलाकर भेज रही है।
मैं दिल्ली की जनता से कहना चाहता हूँ कि जब तक केजरीवाल… pic.twitter.com/FPkEUEVYSm
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) January 27, 2025
ऐसा काम दो देशों के बीच युद्ध में होता है लेकिन BJP दिल्ली में कर रही है. हालांकि, दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ ने अरविंद केजरीवाल के इस बयान को खारिज कर दिया है. उन्होंने केजरीवाल के बयान को गलत और भ्रामक बताते हुए इस मामले को उपराज्यपाल के संज्ञान में लाने की बात कही है.
