भिवानी | हरियाणा की नायब सैनी सरकार (Haryana Govt) गरीब परिवारों के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है. उन्हीं में से ‘हर घर- हर गृहिणी’ योजना भी लागू की गई है. इस योजना के तहत, अंत्योदय परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर पर सब्सिडी का लाभ दिया जाता है.
पर्यावरण प्रदुषण कम करना उद्देश्य
लोहारू एसडीएम मनोज दलाल ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में चलाई जा रही इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को लकड़ी और कोयले के धुंए से मुक्ति दिलाना है. साथ ही, पर्यावरण को प्रदुषित होने से भी बचाना है.
मुखिया के बैंक अकाउंट में DBT
उन्होंने बताया कि इस योजना के क्रियान्वयन हेतु खाद्य आपूर्ति विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं. हर गांव में डिपो होल्डर और गैस एजेंसियों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. लाभार्थियों के आवेदन सीएससी सेंटर के माध्यम से लिए जा रहे हैं. रसोई गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी की राशि परिवार के मुखिया के बैंक अकाउंट में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी.
इन्हें मिलेगा सब्सिडी का लाभ
इस योजना का लाभ उठाने वाले परिवार की सालाना आमदनी 1 लाख 80 हजार रूपए से कम होनी चाहिए. सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है. बीपीएल राशन कार्ड, गुलाबी राशन कार्ड और एएवाई कार्ड धारक अंत्योदय परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा. इस योजना के तहत, पात्र परिवार सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए epds.haryanafood.gov.in पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
