अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले की 9 साल की बेटी आरुषि सिंगला अब गुरु बनकर 9 बच्चों को पेंटिंग की कला सिखाएगी. चौथी कक्षा की छात्रा आरुषि बचपन से ही पेंटिंग की शौकीन रही हैं और उसकी पेंटिंग्स को देखकर लोग हैरान रह जाते हैं. इतनी छोटी सी उम्र में वह इतनी खूबसूरत पेंटिंग्स बना लेती है कि हर कोई उसकी कला का कायल हो जाता है.
आरुषि की पेंटिंग्स की एक प्रदर्शनी हाल ही में शहर के एसडी विद्या स्कूल में आयोजित की गई, जिसमें दूर- दराज से लोग आए और आरुषि की बनाई पेंटिंग्स को देख कर उन्हें खरीद लिया.
अब सिखाएगी गरीब बच्चों को कला
आरुषि के शिक्षकों ने बताया कि जब गुरु अच्छा हो तो शिष्य का भविष्य भी उज्जवल होता है. इसी सोच के साथ आरुषि को आगे बढ़ाने की योजना बनाई गई है. अब आरुषि झुग्गी- झोपड़ियों में रहने वाले सुलभ एरिया के नौ गरीब बच्चों को पेंटिंग सिखाएगी. इस पहल के बाद बच्चों को पेंटिंग की कला सीखने का एक नया अवसर मिलेगा.
3 साल की उम्र से कर रही पेंटिंग
आरुषि ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वह बचपन से ही पेंटिंग का शौक रखती है और 3 साल की उम्र से पेंटिंग करना शुरू कर दिया था. वह इमेजिनेशन करके विभिन्न प्रकार की पेंटिंग्स को कागज पर उतार देती है. विद्यालय की प्राचार्य नीलइंद्रजीत कौर संधू ने बताया कि स्कूल की एक बस को पेंटिंग क्लास के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें आरुषि 9 बच्चों को पेंटिंग सिखाएगी.
