झज्जर | दिल्ली से सटे बहादुरगढ़ शहर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बहुत जल्द उत्तरी बाईपास का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. लगभग 77 करोड़ रूपए का एस्टीमेट बनाकर लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से मुख्यालय भेजा गया है. इसी महीने मंजूरी मिलने की संभावना है, जिसके बाद मार्च में टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे और अप्रैल में काम शुरू कर दिया जाएगा.
इसी साल पूरा होने की उम्मीद
उत्तरी बाईपास निर्माण के तहत, इस्कॉन मंदिर के साथ लगती ड्रेन के हिस्से में सिंचाई विभाग द्वारा बॉक्स डाले जाएंगे, जबकि सड़क और पुल निर्माण कार्य PWD विभाग द्वारा पूरा किया जाएगा. विभागीय अधिकारियों ने दावा करते हुए कहा कि काम शुरू होने के बाद इसी साल के आखिर तक इसे पूरा कर लिया जाएगा.
कई गांवों को मिलेगा फायदा
उत्तरी बाईपास के निर्माण से कई गांवों के साथ- साथ जहां लाइनपार रहने वाले लोगों को फायदा पहुंचेगा, तो वहीं दूसरी ओर शहर की सड़कों से ट्रैफिक दबाव कम करने में सफलता मिलेगी. यहां पर रिटेनिंग वॉल का काम आसौदा तक पूरा हो चुका है. बराही गांव के पास निर्माण कंपनी की ओर से वेस्ट जुआं ड्रेन पर 60 फीट नाले के दोनों तरफ सीसी की रिटेनिंग वाल (सीमेंट- कंकरीट की दीवार) का निर्माण हो चुका है, लेकिन शहर के अंदर ड्रेन की करीब 80 फीट तक जमीन पर मंदिर का हिस्सा है. इसे बचा दिया गया है.
वैसे तो प्रोजेक्ट में यह तय है कि 60 फीट की चौड़ाई तक ड्रेन खुली रहेगी . उसके दोनों तरफ सीसी की दीवार का निर्माण कार्य होगा. यहां पर ड्रेन को बाक्स प्रणाली से कवर किया जाएगा और उसके ऊपर ही सड़क बना दी जाएगी, ताकि प्रोजेक्ट भी पूरा हो जाए और इस्कॉन मंदिर भी बचा रहे. दूसरे चरण में परनाला गांव के पास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा. जिसका डिजाइन बनाकर पिछले दिनों विभागीय मुख्यालय भेजा गया था.
सड़क और ब्रिज बनाने के लिए 77 करोड़ का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा गया है. 11 पुलों का निर्माण भी किया जाएगा. इसी महीने मंजूरी मिलने की उम्मीद है. इसके बाद, टेंडर लगाया जाएगा. टेंडर अलॉट होते ही काम शुरू कराया जाएगा- अनिल रोहिल्ला, XEN PWD, बहादुरगढ़
