फरीदाबाद | दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर से लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बल्लभगढ़- सोहना रोड पर ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोगों को बहुत जल्द राहत मिलने जा रही है. इस सड़क मार्ग पर 10 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण कार्य का प्रस्ताव मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया है. आने वाले कुछ दिनों में सर्वे की मंजूरी मिलने के बाद प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा. इसके तहत, सलाहकार नियुक्त कर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) बनाई जाएगी.
PWD गुरुग्राम करेगा निर्माण
बल्लभगढ़- सोहना रोड पर पिछले कुछ सालों में एक दर्जन से ज्यादा नई कालोनियां और रिहायशी इलाके विकसित हो चुके हैं. इसके अलावा, इस क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया भी तेजी से विकसित हो रहा है. जिसके चलते मालवाहक गाड़ियों का दबाव भी कई गुना तक बढ़ गया है. ऐसे में पीक आवर्स के दौरान यहां भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और लोगों को 5 मिनट का सफर तय करने में लगभग 30 मिनट का समय लग जाता है, लेकिन अब एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण से लोगों को इस परेशानी से छुटकारा मिलेगा.
बल्लभगढ़- सोहना पाली सड़क मार्ग पर टोल प्लाजा स्थित है और इसपर गुरुग्राम का लोक निर्माण विभाग (PWD) टोल वसूली करता है. पहले एलिवेटेड फ्लाईओवर के सर्वे की जिम्मेदारी फरीदाबाद के PWD विभाग को सौंपी गई थी, लेकिन टोल रोड होने के कारण अब एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण कार्य को पूरा करने का जिम्मा गुरुग्राम के लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है.
ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
करीब 30 मीटर चौड़ाई वाले बल्लभगढ़- सोहना रोड पर पिलर और गार्डर खड़े करते हुए एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा. सड़क के बीच से फ्लाईओवर निकालने के बाद नीचे करीब 19- 19 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जाएगी. अतिक्रमण रोकने के लिए सड़क मार्ग के दोनों ओर ग्रिल लगाई जाएगी. फ्लाईओवर निर्माण से लोग बिना किसी रूकावट के अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच सकेंगे. इससे जहां लोगों का समय बचेगा, तो वहीं दूसरी ओर पर्यावरण प्रदुषण कम करने में मदद मिलेगी.
