नई दिल्ली | फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी के लिए मशहूर दिग्गज कंपनी Zomato की अब नई पहचान Eternal बन जाएगी. कंपनी के बोर्ड ने नाम बदलने का फैसला लिया है. इसके लिए शेयरधारकों, मंत्रालय और दूसरे जरूरी अधिकारियों की मंजूरी बाकी है. Zomato ऐप्लिकेशन और फूड डिलिवरी बिजनेस के नाम में कोई बदलाव नहीं होगा, यानि वो Zomato ही रहेगा. कंपनी का सिर्फ कॉर्पोरेट नाम ही बदलेगा. यह बदलाव कंपनी के विस्तार को दर्शाता है क्योंकि अब वह सिर्फ खाने के अलावा और भी कई क्षेत्रों में काम कर रही है.
नई पहचान
Zomato के संस्थापक और सीईओ दीपिंदर गोयल ने शेयरधारकों को एक पत्र लिखकर बताया है कि बोर्ड ने नाम बदलने को मंजूरी प्रदान कर दी है. अब शेयरधारकों की मंजूरी का इंतजार है. अगर सब कुछ ठीक रहा तो कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट का एड्रेस zomato.com से eternal.com में बदल जाएगा. हम अपना स्टॉक टिकर भी बदल देंगे.
गोयल ने बताया कि Eternal के तहत जोमैटो, ब्लिंकिट, हाइपरप्योर और डिस्ट्रिक्ट, चार मुख्य व्यवसाय चलेंगे. Blinkit के अधिग्रहण के बाद से ही कंपनी आंतरिक रूप से Eternal नाम का इस्तेमाल कर रही थी. यह नाम कंपनी और ब्रांड/ऐप के बीच अंतर करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. अब Blinkit के साथ ऐसा ही हुआ है. इसलिए कंपनी का नाम Zomato Limited से Eternal Limited किया जा रहा है.
यह बदलाव बड़ा कदम
यह बदलाव Zomato के लिए एक बड़ा कदम है. इससे पता चलता है कि कंपनी अब सिर्फ खाने- पीने तक सीमित नहीं है. वह ग्रॉसरी डिलीवरी और दूसरे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रही है. Eternal नाम कंपनी के विस्तार और भविष्य की योजनाओं को दर्शाता है.
