जींद | हरियाणा में खाप पंचायतों ने नशे के खिलाफ मुहिम चलाई है. इसमें उनका साथ देने के लिए आर्ट ऑफ लिविंग के आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर पहुंचेंगे. युवाओं को नशे से बचाने के लिए श्री श्री रविशंकर और क्षेत्र की 80 से ज्यादा खाप पंचायतें सांझा अभियान शुरू करेगी. हैबतपुर के पास निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास श्रीधाम सोसायटी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में खाप पंचायतों के प्रतिनिधि, प्रदेश भर से पहलवान और कई अन्य गणमान्य हस्तियां शिरकत करेंगी.
182 देशों में काम कर रही संस्था
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रदेश संयोजक चरण सिंह ने बताया कि संस्था विश्व के 182 देशों में सामाजिक मुद्दों को लेकर काम कर रही है. हरियाणा में युवाओं को नशे से बचाने के लिए खाप पंचायतों द्वारा श्री श्री रविशंकर से आह्वान किया गया है, ताकि लोग उनके प्रवचनों से प्रभावित होकर नशे जैसी सामाजिक कुरीति को त्याग कर एक अच्छे समाज की नींव रख सकें. इस कार्यक्रम में कुश्ती प्रतियोगिता के साथ खेती और विरासत विषय पर आध्यात्मिक संगम होगा. महिला और पुरुषों के कुश्ती मुकाबले भी होंगे.
कुश्ती में दमखम दिखाएंगे पहलवान
श्री श्री कुमार टाइटल के लिए 85 किलोग्राम भार वर्ग तक के पहलवान भाग लेंगे. जिसमें प्रथम पुरस्कार 41 हजार रुपए, दूसरा पुरस्कार 21 हजार रुपए और तीसरा पुरस्कार 11 हजार रुपए रखा गया है. श्री श्री अभिमन्यु टाइटल में 68 किलोग्राम भार वर्ग के पहलवान भाग लेंगे. इसमें प्रथम पुरस्कार 25 हजार रुपए, दूसरा पुरस्कार 12 हजार रुपए और तीसरे पुरस्कार विजेता को 6100 रूपए की नकद राशि दी जाएगी.
महिला वर्ग के मुकाबले में ओपन वर्ग में पहला पुरस्कार 25 हजार रुपए, दूसरा पुरस्कार 15 हजार रुपए और तीसरा पुरस्कार 7100 रूपए रखा गया है. U- 17 आयु वर्ग में लड़कियों के मुकाबले में पहला पुरस्कार 15 हजार रुपए, दूसरा पुरस्कार 7100 रुपए और तीसरा पुरस्कार 4100 रुपए रहेगा. बाल कुमारी वर्ग में पहला पुरस्कार 7100 रुपए, दूसरा पुरस्कार 4100 रुपए और तीसरा पुरस्कार 2100 रूपए रखा गया है.
