फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में अफ्रीकी भैंस की हड्डियों से बनी ज्वेलरी का जलवा, खरीदने को टूट पड़े लोग

फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद में हर साल आयोजित होने वाले सूरजकुंड मेले (Surajkund Mela) में इस बार भी देश- विदेश के कलाकार और हस्तशिल्पी अपनी कलाकृतियों से लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. इस मेले में अफ्रीकी भैंस की हड्डियों से बनी ज्वेलरी लोगों का ध्यान खींच रही है.

surajkund MELA

इस अनोखी ज्वेलरी में अंगूठी, गले का हार, ब्रेसलेट और कानों के झुमके शामिल हैं, जिन्हें लोग खूब पसंद कर रहे हैं. इसके अलावा, सींग से बने बीयर मग और ड्रिंक शॉट भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.

संभल के शिल्पकार लेकर आए खास प्रोडक्ट

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से आए शिल्पकार अपने साथ कई अनोखे प्रोडक्ट लेकर आए हैं. उनका कहना है कि ये सभी उत्पाद अफ्रीकी भैंस की हड्डियों और सींग से बनाए गए हैं और इनकी डिमांड अमेरिका सहित कई देशों में भी है. स्टाल लगाने वाले संभल के शिल्पकार मोहम्मद शोएब ने बताया कि उनके दादा भी यही काम करते थे. उन्होंने यह कला तब सीखी जब उनकी दादी को कंघी की जरूरत पड़ी और उनके दादा ने हड्डियों से कंघी बनाकर दी. इसके बाद, धीरे- धीरे उन्होंने और भी प्रोडक्ट तैयार किए और यही उनका पेशा बन गया.

ऐसे बनते अनोखे प्रोडक्ट

मोहम्मद शोएब के अनुसार, भारत सरकार अफ्रीका से अफ्रीकी भैंस के सींग और हड्डियों का आयात करती है, जिसे शिल्पकारों को दिया जाता है. इन हड्डियों और सींगों को प्रोसेस करने में लंबा समय लगता है. सबसे पहले इन्हें कई दिनों तक प्रोसेस किया जाता है, फिर गर्म करके पूरी तरह साफ किया जाता है. फिर इन्हें केमिकल से धोया जाता है, ताकि किसी भी प्रकार की बदबू न रहे.

इस प्रक्रिया में लगभग एक सप्ताह का समय लगता है. इसके बाद, मशीनों की सहायता से अलग- अलग प्रोडक्ट तैयार किए जाते हैं. इनके प्रोडक्ट्स की डिमांड भारत ही नहीं बल्कि जर्मनी, अमेरिका, इटली, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में भी है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts