यमुनानगर | हरियाणा शिक्षा विभाग ने सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया है. आज सोमवार से सभी स्कूल सुबह 8:00 बजे खुलेंगे. एकल और डबल शिफ्ट वाले स्कूलों के लिए अलग- अलग समय सारणी निर्धारित की गई है. विभाग ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को नए शेड्यूल के आदेश भेज दिए हैं. आदेश के अनुसार, एकल शिफ्ट वाले स्कूल सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे.
जानें शेड्यूल
डबल शिफ्ट वाले स्कूल दोपहर 12:45 से शाम 6:15 तक चलेंगे. वर्तमान में, सिंगल शिफ्ट वाले स्कूल सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक लग रहे थे, जबकि डबल शिफ्ट वाले स्कूलों में पहली शिफ्ट सुबह 7:55 से दोपहर 12:30 तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:40 से शाम 5:15 तक चल रही थी. शिक्षा विभाग हर साल मौसम के अनुसार स्कूलों के समय में बदलाव करता है, ताकि छात्रों और शिक्षकों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े.
शिक्षकों और छात्रों को दी गई जानकारी
उप जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार ने जानकारी दी कि शिक्षा विभाग द्वारा बदले गए समय की सूचना सभी स्कूलों को दे दी गई है. उन्होंने बताया कि मौसम के अनुसार हर साल स्कूलों के समय में बदलाव किया जाता है. शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नए समय सारणी की जानकारी सभी विद्यार्थियों को दें, ताकि कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें.
