मैं तूफान हूं: अनिल विज का शोकॉज नोटिस के बाद बड़ा बयान, सीएम को सराहा; विरोधियों पर साधा निशाना

अंबाला | सोमवार को हरियाणा के बिजली एवं परिवहन मंत्री अनिल विज (Anil Vij) मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करते नजर आए. आमतौर पर पार्टी के विधायक या कोई मंत्री अगर मुख्यमंत्री की तारीफ करें, तो कोई हैरत की बात नहीं होती, लेकिन यहाँ मामला अलग इसलिए था क्योंकि इससे पहले अनिल विज मुख्यमंत्री के खिलाफ बयानबाजी कर चुके थे, जिसे लेकर उन्हें भारतीय जनता पार्टी द्वारा शो कॉज नोटिस जारी किया गया था. इसके बाद, अब वह अंबाला में निकाय चुनाव के उम्मीदवार के नामांकन प्रोग्राम में पहुंचे थे, जहां वह मुख्यमंत्री की तारीफ करते दिखे.

anil vij 2

मुख्यमंत्री की मंच से की तारीफ

उन्होंने कहा, ‘प्रदेश में नायब सैनी की सरकार है. एक दिन भी खाली नहीं जाता, जिस दिन वो प्रदेश के लोगों, विकास के लिए नई-नई घोषणाएं न कर रहे हों.’ विरोधियों के लिए उन्होंने मंच से एक शायरी भी पढ़ी. उन्होंने कहा, “तूफानों से खेलता हूं, मैं खुद भी एक तूफान हूं, मुझसे टकराने वालों के लिए, उनके अंत का पैगाम हूं.”

उन्होंने कहा अंबाला कैंट में विकास का जो रथ मैंने चलाया था उसे और तेजी से चलने के लिए आज उस रथ के साथ 32 घोड़े जुड़े रहे हैं. सब मिलकर शहर को सुंदर और प्रदेश का सबसे बेहतरीन शहर बनाएंगे. चुनाव में कुछ कठिनाइयां आती हैं और प्रत्याशियों को उस और ध्यान नहीं देना है. यदि कोई ध्यान भटकने के लिए खेल खेलता है तो पार्टी का सजग कार्यकर्ता होने के नाते काम करना है और किसी बात की चिंता नहीं करनी है.

पार्टी ने जारी किया था नोटिस

इससे पहले अनिल विज को प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ बयानबाजी के चलते 10 फरवरी को नोटिस जारी किया गया था. उनसे 3 दिन में जवाब तलब किया था. 12 फरवरी को बेंगलुरु से लौटने के बाद उन्होंने आठ पन्नो में नोटिस का जवाब भेजा. तब उन्होंने कहा था कि उन्हें और कुछ चाहिए होगा तो वह भी दे दूंगा. उन्होंने नोटिस को मीडिया को लीक करने को लेकर भी नाराजगी जाहिर की थी.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts