रेलवे प्रशासन का बड़ा फैसला, नई दिल्ली स्टेशन पर भीड़ कंट्रोल के लिए बनें नए नियम

नई दिल्ली | 15 फरवरी 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है और भीड़ नियंत्रण के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं. रेलवे विभाग ने नई व्यवस्था के तहत बिना टिकट यात्रा करने वालों पर रोक लगाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं. इसके अलावा, प्लेटफार्म टिकट की बिक्री को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं.

TRAIN RAILWAY STATION

यात्रियों के लिए बनाया अलग एंट्री गेट

नई दिल्ली से प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों के जनरल टिकट धारकों के लिए अलग एंट्री गेट बनाया गया है. स्टेशन पर जगह- जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके. यात्रियों को लाइन में लगकर प्रवेश करने के निर्देश दिए गए हैं और ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए अस्थायी प्रतीक्षालय का निर्माण किया गया है.

फुटओवर ब्रिज पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. भीड़ नियंत्रण के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है और जीआरपी, आरपीएफ तथा सीआरपीएफ के जवान स्टेशन के चप्पे- चप्पे पर तैनात किए गए हैं.

यह भी पढ़े -  अल- फलाह यूनिवर्सिटी के चांसलर को कोर्ट से नहीं मिली राहत, न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ी

किए गए ये उपाय

  • प्लेटफार्म टिकट की बिक्री पर रोक लगाई गई है.
  • जनरल टिकट की बिक्री सीमित कर दी गई है, ज्यादा भीड़ होने पर तय सीमा से अधिक टिकट नहीं बेचे जाएंगे.
  • स्टेशन में प्रवेश के लिए टिकट अनिवार्य किया गया है. यात्रियों को एंट्री से पहले अपना टिकट दिखाना होगा.
  • सीढ़ियों और लैंडिंग क्षेत्रों में बैठने पर प्रतिबंध लगाया गया है.
  • पुलिसकर्मियों और सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो.
  • यात्रियों को लाइन में लगकर ही प्रवेश मिलेगा, अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है.
  • फुटओवर ब्रिज पर खड़े रहने की मनाही कर दी गई है, जिससे भीड़भाड़ से बचा जा सके.
  • यात्रियों को ट्रेन के निर्धारित समय के अनुसार ही प्लेटफार्म पर प्रवेश करने की अनुमति होगी.
  • प्रतीक्षारत यात्रियों के लिए अस्थायी प्रतीक्षालय बनाए गए हैं, ताकि वे आराम से ट्रेन का इंतजार कर सकें.
  • यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क लगाए गए हैं.
Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts