चंडीगढ़ | हरियाणा के खेतों में बसे डेरों व ढाणियों में रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. सरकार (Haryana Govt) ने डेरों व ढाणियों में बिजली आपूर्ति का नया प्लान बनाया है. अभी तक ट्यूबवेल कनेक्शन के जरिये ही डेरों- ढाणियों में आपूर्ति हो रही थी. अब गांवों की बिजली इन जगहों तक पहुंचाई जाएगी. इतना ही नहीं, इस पर आने वाली कुल लागत का केवल 50 प्रतिशत पैसा ही संबंधित परिवारों को देना होगा. बाकी बिजली निगमों द्वारा वहन किया जाएगा.

50% खर्च करना होगा वहन
बिजली विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिन डेरों व ढाणियों में 10 तक सदस्य रहते हैं, यानि 2 से 3 परिवार भी हैं, तो वहां तक भी सरकार बिजली पहुंचाएगी. अभी तक गांव की फिरनी से 150 मीटर दूर तक ढाणी में बिजली आपूर्ति पर केवल कनेक्शन चार्ज लिया जाता था, बाकी खर्चा नहीं. इस सीमा को बढ़ाकर 300 मीटर किया गया है. इससे अधिक की दूरी पर अगर डेरा- ढाणी है, तो वहां तक बिजली के खम्भों व तार आदि पर आने वाली लागत का 50 प्रतिशत पैसा उपभोक्ता को वहन करना होगा.
उन्होंने बताया कि अभी तक पूरा ही खर्चा उपभोक्ताओं को देना होता था. बाकी का पचास प्रतिशत पैसा बिजली निगमों द्वारा वहन किया जाएगा. यह पैसा जमा करवाने के लिए सरकार सभी डेरों व ढाणियों में गांवों से बिजली आपूर्ति शुरू करेगी.
सोलर कनेक्शन मुहैया कराएगी सरकार
अगर गांव की फिरनी से 3 किलोमीटर दूर भी कोई ढाणी या डेरा है, तो वहां तक आपूर्ति ट्यूबवेल कनेक्शन वाली पुरानी स्कीम के तहत ही होगी. ऐसे परिवारों को सरकार सोलर कनेक्शन मुहैया करवाएगी. डेरों व ढाणियों में घरेलू सोलर कनेक्शन के लिए पचास प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी, बाकी का पैसा सरकार वहन करेगी.