अंबाला | उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले (Mahakumbh Mela 2025) में श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा कई जगहों से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इसी कड़ी में श्रद्धालुओं के सुविधाजनक आवागमन को लेकर अंबाला रेलवे मंडल द्वारा 2 कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है.
महाशिवरात्रि पर भक्त लगाएंगे आस्था की डुबकी
अंबाला रेलवे मंडल द्वारा 22 फरवरी को भटिंडा रेलवे स्टेशन और 23 फरवरी को अम्ब अन्दौरा रेलवे स्टेशन से कुंभ मेले के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. ये कुंभ आरक्षित स्पेशल ट्रेन फाफामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन तक सफर करेगी. ये ट्रेन श्रद्धालुओं को कुम्भ ले जाकर महाशिवरात्रि के दिन अनंत आस्था की डुबकी लगाने में मदद करेंगी. बता दें कि महाकुंभ मेले के लिए संचालित हो रही ये सभी विशेष आरक्षित स्पेशल ट्रेनें सौ फीसदी से ज्यादा ऑक्युपेंसी के साथ चल रही है.
रखी जा रही स्पेशल निगरानी
कुंभ मेले के लिए संचालित हो रही स्पेशल ट्रेनों की मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निगरानी की जा रही है. ट्रेनों की निगरानी के लिए वार रूम और सीसीटीवी कैमरों द्वारा भी मदद ली जा रही है. कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए ओरिजनेटिंग (प्रारंभिक) रेलवे स्टेशनों पर मण्डल के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रेलवे कर्मचारियों को खास निर्देश दिए गए है.
रेलवे द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक, रेलवे कर्मचारी स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण करेंगे, ताकि ट्रेनों में सभी रेलयात्री सुगमतापूर्वक यात्रा कर सके. इसका उचित प्रबंधन किए जाने का निर्देश दिया गया है. साथ ही, स्टेशनों पर खान- पान एवं पानी की व्यवस्था का उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है.
