अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले की इंसानियत फाउंडेशन जरूरतमंदों के लिए एक अनोखी पहल छेड़े हुए हैं. इस फेडरेशन ने एक जूता वितरण अभियान चलाया है, जिसके तहत 60 जरूरतमंद लोगों को जूते और चप्पल बांटे गए. खास तौर पर यह अभियान शहर के चौक- चौराहों पर घूमने वाले बेसहारा छोटे बच्चों के लिए चलाया गया था.
आमतौर पर ऐसा देखा जाता है कि ऐसे बच्चों के पैरों में न ही जूते होते हैं, न ही चप्पल. यह बच्चे ठंड में ठिठुरते नजर आते हैं. ऐसे में फाउंडेशन के सदस्यों ने इन बच्चों की तकलीफों को दूर करने की ठानी और इन्हें अपने हाथों से जूते पहनाए.
बच्चों के खिले चेहरे
इस पर बच्चों के चेहरों पर भी मुस्कान खिल उठी. इसे देखकर यहां से गुजरने वाले लोग भी फाउंडेशन की तारीफ करने से नहीं रुके. फाउंडेशन के सदस्य गीतांश मल्होत्रा ने जानकारी दी कि उनका संगठन इसी प्रकार के अभियान समय- समय पर चलाता रहता है. वह अपने समर्थकों की मदद से जरूरतमंदों की सहायता करते हैं. रात के समय वह आवारा जानवरों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था भी करते हैं. वह कहते हैं कि हमें इंसानों ही नहीं बल्कि पर्यावरण और जीव जंतुओं के लिए भी काम करना चाहिए.
फाउंडेशन से जुड़े हैं काफी लोग
उनके इस काम को देखकर बहुत से लोग अब इनके फाउंडेशन से जुड़ रहे हैं. गीतांश मल्होत्रा कहते हैं कि भविष्य में भी वह ऐसे ही अभियान चलाएंगे और जरूरतमंदों की सहायता करेंगे. फाउंडेशन का गरीब लोगों की सहायता करने का यह अनूठा प्रयास समाज में इंसानियत की नई मिसाल पेश करता है. समाज में एक तरफ ऐसे लोग मौजूद हैं जो स्वयंहित को ही सर्वोपरि रखते हैं. वहीं, कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो मानवता के नाते गरीबों की सहायता करते हैं. साथ ही, दूसरों को भी ऐसा करने को प्रेरित करते हैं.
