बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वालों पर नगर निगम फरीदाबाद कसेगा शिकंजा, चुनावों के बाद होगी कड़ी कार्रवाई

फरीदाबाद | नगर निगम फरीदाबाद (Faridabad Nagar Nigam) ने 2500 बकायादारों को नोटिस जारी कर पेंडिंग राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं. दरअसल, लक्ष्य से कम वसूली होने पर निगम द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है. वित्तीय वर्ष में निगम द्वारा करीब 180 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से केवल 110 करोड़ रुपये का ही टैक्स जमा हो पाया है. अब निगम एक महीने के भीतर यह भुगतान वसूलना चाहता है.

FARIDABAD NAGAR NIGAM

निगम ने तैयार की सूची

वर्तमान में जिले में 7.30 लाख प्रॉपर्टी आईडी हैं, जिनमें से दो लाख प्रॉपर्टी आईडी का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है. जिन लोगों का सत्यापन हो चुका है, वे अब टैक्स जमा करवा सकते हैं. निगम द्वारा 50,000 से ज्यादा बकायादारों की सूची तैयार की गई है. आगामी चुनावों के बाद इस कार्रवाई के लिए 60 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि हर दिन बकायादारों पर सीलिंग की कार्रवाई की जा सके.

टैक्स में छूट के बावजूद नहीं हो रही वसूली

कई प्रॉपर्टी आईडी पर मालिकों के नाम दर्ज नहीं हैं, इसलिए निगम इन आईडी पर नोटिस जारी नहीं कर पाएगा. हालांकि, चुनावों के बाद निगम इन प्रॉपर्टी आईडी को सही करने का काम करेगा. बता दें कि राज्य सरकार द्वारा टैक्स में छूट दिए जाने के बावजूद लोग अपना टैक्स नहीं भर रहे हैं. बीते वर्ष 2023- 24 में कुल संपत्ति कर पर सरकार द्वारा ब्याज माफ किया गया था, लेकिन फिर भी टैक्स वसूली पूरी नहीं हो सकी. पूरे साल छूट का यह दौर चलता रहा, लेकिन लोगों ने टैक्स नहीं भरा.

की जाएगी कड़ी कार्रवाई

लोकसभा और विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद भी नगर निगम ने टैक्स वसूली के लिए अभियान चलाया, लेकिन इसका भी प्रभाव नहीं पड़ा. निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 3500 लोगों पर 50,000 रुपये से ज्यादा का बकाया है. इन लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिसके बाद उन्हें व्यक्तिगत सुनवाई का मौका भी दिया जाएगा. इसके बावजूद, टैक्स जमा नहीं किया गया, तो उनकी प्रॉपर्टी को सील किया जाएगा.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts