हरियाणा बोर्ड की 12वीं परीक्षा के पहले दिन पेपर लीक होने की सूचना से मचा हड़कंप, वीडियो वायरल

भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) द्वारा आज से 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत की गई है. सूचना मिल रही है कि पहले दिन ही 12वीं के अंग्रेजी विषय का पेपर परीक्षा शुरू होने के महज आधे घंटे बाद ही बाहर आ गया. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि केंद्र के भीतर से किसी ने क्वेश्चन पेपर को बाहर निकाला और बाहर खड़े किसी व्यक्ति ने उसकी फोटो खींचकर आगे वायरल कर दिया. अभी तक ये पुष्टि नहीं हो पाई है कि पेपर कौन से स्कूल से आउट हुआ है. इसको लेकर अधिकारी जांच कर रहे हैं.

Paper Leak

तमाम इंतजाम हुए फेल

सोशल मीडिया पर नूंह के एक स्कूल में पेपर लीक होने की चर्चाएं जमकर चल रही हैं. मिली जानकारी के अनुसार, नूंह में परीक्षा केंद्र के बाहर स्टूडेंट्स के परिचित इकट्ठा हुए थे, जिन्हें पुलिस ने खदेड़ दिया. सोनीपत के जटवाड़ा परीक्षा केंद्र पर भी लोग अपने परिचितों को नकल करवाने के लिए दीवारों पर चढ़े हुए दिखाई दिए. इससे पहले बोर्ड द्वारा नकल रोकने और परीक्षाओं के सफलतापूर्वक संचालन के लिए विभिन्न इंतजामों के किए जाने के दावे किए गए थे.

नकल रोकने के लिए किए गए इंतजाम

नकल रोकने के लिए बोर्ड द्वारा 219 उड़नदस्तों का गठन किया गया, जिसमें बोर्ड अध्यक्ष और बोर्ड सचिव के उड़नदस्तों के अलावा 22 जिला उड़नदस्ते, 70 उप- मंडल उड़नदस्ते, 21 रैपिड एक्शन फोर्स, 8 STF और 2 नियंत्रण कक्ष उड़नदस्ते शामिल हैं. इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा- 163 लागू की गई है. इनके आसपास की फोटो स्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर बंद रखने का निर्णय लिया गया है.

बोर्ड द्वारा जानकारी दी गई कि प्रश्नपत्रों पर इस बार अल्फान्यूमैरिक कोड, क्यूआर कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर भी अंकित किए गए हैं. अगर कोई परीक्षार्थी या अन्य स्टाफ प्रश्न पत्र की फोटो वायरल करने की कोशिश करेगा, तो तुरंत इसकी जानकारी मिल जाएगी.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts