हरियाणा रोडवेज की बसें होगी हाईटेक, रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग सुविधा के साथ लॉन्च होगी मोबाइल ऐप

अंबाला | हरियाणा की बसों का संचालन सुगम बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है. इसी कड़ी में बस स्टेशनों को भी हाईटेक बनाया जाएगा. प्रदेश के आगामी बजट सत्र में इसकी घोषणा की जा सकती है. इसके तहत, बस अड्डों को आधुनिक तरीके से पुनःनिर्मित किया जाएगा. बस अड्डा परिसर में खाने- पीने के अलावा अन्य व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा.

Haryana Roadways Bus

हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज बता चुके हैं कि रोडवेज की बसों को रियल टाइम में ट्रैक करने के लिए मोबाइल ऐप बनाने का काम शुरू हो चुका है. इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. वे अपने मोबाइल से यह पता लगा सकेंगे कि उनकी बस कितनी देर में उनके गंतव्य पर पहुंचेगी.

इस साल होंगे बड़े बदलाव

परिवहन विभाग की पहली बैठक में इसे लेकर रोडमैप तैयार किया गया है. बस अड्डों पर बेहतर व्यवस्थाओं के लिए 5 बस स्टैंड पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत योजना बनाई गई है. परिवहन मंत्री विज ने जानकारी दी कि इस साल सभी बस स्टैंड्स को आधुनिक बनाने, साफ- सफाई और खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता सुधारने के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं.

यात्रियों को मिलेगी रिजर्वेशन सुविधा

रेलवे में जिस प्रकार आईआरसीटीसी द्वारा खाना उपलब्ध करवाया जाता है. उसी प्रकार हरियाणा में भी ऐसी कॉरपोरेशन बनाई जाएगी, जिससे स्टाफ और यात्रियों को अच्छा खाना उपलब्ध करवाया जा सके. इसके अलावा, कुछ आरक्षित बसें भी लॉन्च की जाएंगी, जिनमें मोबाइल ऐप के माध्यम से यात्री रिजर्वेशन करवा सकेंगे. इससे लोग अपनी यात्रा को अधिक सुगमता के साथ पूरा कर पाएंगे.

वर्तमान में कई बार बसों में भीड़ होने के कारण यात्री सफर आसानी से नहीं कर पाते, लेकिन इस सुविधा के लागू होने के बाद यात्री अपनी बसों में रिजर्वेशन कर आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच पाएंगे. बताते चलें कि हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में 750 बसों की खरीद की मंजूरी मिल चुकी है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts