अंबाला एयरपोर्ट से इन 4 स्थानों के लिए उड़ान को मिली स्वीकृति, इस दिन से फर्राटे भरेंगे विमान

अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले (Ambala Distric) के घरेलू एयरपोर्ट से 4 स्थान अयोध्या, जम्मू, श्रीनगर और लखनऊ के लिए उड़ान को हरी झंडी मिल चुकी है. अब नागरिक उड्डयन विभाग और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के जरिए इन रूटों पर विमान सेवा प्रदाता कंपनियों को लाने की प्रक्रिया की जा रही है. बता दें कि यहां घरेलू एयरपोर्ट पर जो सिविल कार्य बाकी था, उसे भी पूरा कर दिया गया है. यहां स्टाफ को भी सुरक्षा की दृष्टि से विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है.

Flight Aeroplan

रखा गया यह नाम

इस टर्मिनल का नाम छावनी एयरपोर्ट रखा गया है, ताकि नाम के लिए किसी प्रकार की बड़ी प्रक्रिया में समय खराब न हो. सब कुछ सही रहा तो आचार संहिता हटने के कुछ समय बाद से ही इन चारों रूटों पर उड़ान सेवा शुरू कर दी जाएगी. भारत सरकार की आरसीएस यानी रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत अंबाला से अयोध्या और अंबाला से श्रीनगर के दो रूटों का चुनाव किया गया था, लेकिन ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज द्वारा जम्मू और लखनऊ रूट को लेकर भी कोशिश की गई. ऐसे में अब इन सभी चार रूटों का चयन किया गया है.

कई एयरलाइन कंपनियां हैं इच्छुक

अब इन रूटों पर उड़ान सेवा शुरू करने के लिए कंपनी को फाइनल किया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार, यहां से उड़ान सेवा शुरू करने के लिए कई बड़ी एयरलाइन कंपनियां इच्छुक बताई जा रही हैं. हालांकि, नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा अभी तक यह जानकारी नहीं दी गई है कि कौन सी कंपनी इन रूटों पर सेवाएं देने को तैयार है.

एयर फोर्स स्टेशन के पास लगते डेयरी फॉर्म की 20 एकड़ जमीन पर टर्मिनल बनाया गया है, जिसे रक्षा मंत्रालय से अब नागरिक उड्डयन विभाग के नाम स्थानांतरित किया जा चुका है. टर्मिनल पर 16 करोड़ रुपए से ज्यादा की धनराशि से काम करवाया गया है. सभी कार्य पूरे हो चुके हैं. अब यहां सिर्फ उड़ान शुरू करने की प्रक्रिया बाकी है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts