नई दिल्ली | 100 और 200 रूपए के नोटों को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से बड़ी अपडेट सामने आई है. बैंक ने घोषणा करते हुए कहा है कि जल्द ही महात्मा गांधी (नई) श्रृंखला में 100 और 200 रूपए मूल्यवर्ग के नोट जारी किए जाएंगे. जिन पर नवनियुक्त गवर्नर श्री संजय मल्होत्रा के हस्ताक्षर होंगे.

पुराने नोटों का क्या होगा?
RBI ने बताया है कि इन नए नोटों के डिजाइन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया हैं और महात्मा गांधी (नई) श्रृंखला के मौजूदा 100 और 200 रुपये के नोटों के समान होगा. नए RBI गवर्नर की नियुक्ति के बाद इन बैंक नोटों को जारी करना एक नियमित प्रक्रिया है.
आरबीआई ने पुष्टि करते हुए कहा कि पहले जारी किए गए सभी 100 और 200 रूपए मूल्यवर्ग के बैंक नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे. प्रचलन में पुराने बैंक नोटों की वैधता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. बैंक समय-समय पर मौजूदा गवर्नर के अपडेट किए गए साइन के साथ नए नोट जारी करता है ताकि मौद्रिक प्रणाली में स्थिरता बनी रहें. नए नोट बहुत जल्द प्रचलन में आ जाएंगे. बता दें कि RBI के नए गवर्नर के रूप में संजय मल्होत्रा ने पिछले साल दिसंबर में पदभार ग्रहण किया है.
200 रुपये के बैंक नोट का आकार
नए नोट का आकार 66 मिमी x 146 मिमी है.
100 रुपये के बैंक नोट का आकार
नए नोट का आकार 66 मिमी x 142 मिमी है.