फरीदाबाद | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) द्वारा वित्त वर्ष 2025- 26 के लिए पेश किए गए बजट में फरीदाबाद जिले के लिए 11 घोषणाएं की गई है. बजट में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और खेल पर विशेष ध्यान दिया गया है. वहीं, किसानों के लिए भी कई घोषणाएं की गई है.
FMDA को विकास कार्यों के लिए करोड़ों रूपए
इस वक्त फरीदाबाद शहर में सीवर और पानी की व्यवस्था का काम फरीदाबाद मेट्रो डिवेलपमेंट अथॉरिटी (FMDA) और नगर निगम के हवाले है. जिले में सीवर सिस्टम और पानी सप्लाई का इंफ्रास्ट्रक्चर काफी कमजोर है. अनुमान है कि साल 2031 तक पीने के पानी की डिमांड बढ़कर 1 हजार एमएलडी प्रतिदिन हो जाएगी. इस वक्त FMDA 22 रेनीवेल से 330 एमएलडी पानी ही सप्लाई कर पा रहा है. इसके चलते FMDA ने नए रेनीवेल लगाने का प्रॉजेक्ट बनाया है.
सीवर लाइनों को भी दुरुस्त करने के अलावा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाने की भी आवश्यकता है. इसी को देखते हुए हरियाणा सरकार ने अपने बजट में फरीदाबाद में सीवर- पानी की व्यवस्था सुधारने के लिए 3,400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. यह धनराशि साल 2031 तक खर्च की जायेगी और इसको लेकर इसी साल से काम शुरू कर दिया जाएगा. हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने घोषणा करते हुए कहा है कि बल्लभगढ़ में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर अत्याधुनिक बस अड्डा बनाया जाएगा. इससे लाखों यात्रियों को फायदा मिलेगा.
सूरजकुंड मेला दो बार होगा आयोजित
फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय हस्त- शिल्प मेला अब साल में 2 बार लगेगा. इसको लेकर बजट में घोषणा की गई है. अभी तक यह मेला साल में एक बार फरवरी महीने में आयोजित होता रहा है.
महिलाओं को हॉस्टल की सौगात
बजट में फरीदाबाद में कामकाजी महिलाओं के लिए महिला हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है. इसका लाभ उन कामकाजी महिलाओं को मिलेगा, जो दूसरी जगहों से आकर फरीदाबाद में काम कर रही है. ऐसी महिलाओं को सस्ती दर पर हॉस्टल में सभी सुविधाएं मिलेंगी.
स्वास्थ्य सेवाओं की घोषणा
बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में एक अत्याधुनिक मातृत्व- शिशुत्व केंद्र स्थापित किया जाएगा. वहीं, अस्पताल में 50 बिस्तर का क्रिटिकल केयर बनाया जाएगा. शहर के सिविल अस्पताल को एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की सौगात दी गई है.
खिलाड़ियों को मिला तोहफा
फरीदाबाद के मॉडल संस्कृति स्कूल में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स की स्थापना की जाएगी. स्कूल में ही बच्चों को खेलों से जोड़ा जाएगा. इस सेंटर में बच्चों को खेलों से जुड़ी सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
खेल और खिलाड़ी ये दोनों हरियाणा के आत्मा की तरह है। इसके संवर्धन के लिए भाजपा सरकार अथक परिश्रम करती रहेगी।#HaryanaBudget2025 pic.twitter.com/P9109adXhg
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) March 18, 2025
किसानों के लिए हुई यह घोषणा
फरीदाबाद में किसानों के लिए बीज परीक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी, जहां से किसान उच्च गुणवत्ता के बीज सही दामों पर खरीद सकेंगे. इसके अलावा, फरीदाबाद में बागवानी मिशन को शुरू करने का फैसला लिया गया है.
