फरीदाबाद शहर से दूर होगी ट्रैफिक जाम की जकड़न, रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास का होगा निर्माण

फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद शहर में ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सोहना रेलवे ओवरब्रिज और मुजेसर अंडरपास के निर्माण कार्य का इंतजार कर रहे शहरवासियों को बता दें कि दोनों प्रोजेक्ट्स के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और अप्रैल में काम शुरू कर दिया जाएगा. दोनों प्रोजेक्ट्स के लिए 60 करोड़ रूपए की बजट राशि आवंटित की गईं हैं.

RAILWAY FATAK

पूर्व मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा

बल्लभगढ़- सोहना रोड पर साल 2009 में टू- लेन रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया गया था. यह ओवरब्रिज NIT के एक बड़े हिस्से को नेशनल हाईवे से कनेक्टिविटी देता है. लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के चलते इस टू-लेन रेलवे ओवरब्रिज पर पीक आवर्स के दौरान भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और मात्र 5 मिनट का सफर तय करने में 25- 30 मिनट का समय लग जाता है.

ऐसे में शहरवासियों को इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए साल, 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस रेलवे ओवरब्रिज को फोरलेन बनाने की घोषणा की थी. ओवरब्रिज को फोरलेन बनाने में जो अड़चनें आ रही है, उन्हें दूर कर लिया गया है और अगले महीने काम शुरू कर दिया जाएगा.

5 विधानसभा क्षेत्र से जुड़ाव

सोहना रेलवे ओवरब्रिज 5 विधानसभा क्षेत्र बल्लभगढ़, फरीदाबाद, NIT, पृथला और बड़खल से जुड़ा हुआ है. वहीं, मुजेसर रेलवे फाटक पर अंडरपास का निर्माण किया जाएगा. यहां ट्रेनों के आवागमन से ट्रैफिक जाम की जकड़न बनी रहती है, जिससे स्थानीय लोग और उद्योगपतियों को परेशानी झेलनी पड़ती है. ऐसे में अंडरपास निर्माण से लोगों को राहत पहुंचेगी.

सोहना रेलवे ओवरब्रिज और मुजेसर अंडरपास का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा. इनके टेंडर लगा दिए गए हैं. अप्रैल महीने में टेंडर खुलने के बाद ठेकेदारों को काम सौंप दिया जाएगा- आदित्य देशवाल, उपमहाप्रबंधक, पुल एवं सड़क निर्माण विकास निगम

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.