फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद शहर के अंडरपास की तस्वीर बदलने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है. शहर में जितने भी अंडरपास बने हुए हैं, उनमें स्वच्छता संदेश के साथ वर्टिकल गार्डन भी बनाए जाएंगे. इसके अलावा, प्रत्येक अंडरपास की दोनों साइड बड़ी लाइटें लगाई जाएगी ताकि रात के समय अंधेरा न रहें.
अंडरपास की बदलेगी तस्वीर
फरीदाबाद नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि मेवला महाराजपुर अंडरपास पर अगले सप्ताह से काम शुरू कर दिया जाएगा. यहां पर पेंटिंग के साथ- साथ संदेशात्मक तस्वीर बनाई जाएंगी. इसको लेकर दिल्ली के कई अंडरपास का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया है.
FMDA की जिम्मेदारी
पिछले काफी समय से निगम अंडरपास में सुधार को लेकर काम कर रहा है. ओल्ड फरीदाबाद और एनएचपीसी अंडरपास में दोनों तरफ गेट लगाए गए हैं. दरअसल, बरसाती सीजन के दौरान इन अंडरपास में जल- भराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. जिससे यहां वाहन फंस जाते हैं. पिछले साल सितंबर महीने में फरीदाबाद रेलवे अंडरपास पर कार डूबने से दो बैंककर्मियों की मौत हो गई थी, जिसके बाद बारिश का पानी निकालने और वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए निगम की ओर से कई इंतजाम किए गए. निगम ने यह अंडरपास फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) को सौंप दिए हैं. लेकिन अंडरपास के सुंदरीकरण का जिम्मा निगम को ही सौंपा गया है.
अंडरपास के सुंदरीकरण का काम अगले सप्ताह से शुरू होने वाला है. नगर निगम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और FMDA से एनओसी ले ली है. अंडरपास चमकदार बनने से शहर की खूबसूरती में चार- चांद लगेंगे. अंडरपास की खूबसूरती बढ़ने से यहां से गुजरने वाले लोगों को सुखदाई अहसास होगा- नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, फरीदाबाद
