फरीदाबाद | हरियाणा के ओल्ड फरीदाबाद (Faridabad) और नहर पार की 6 कॉलोनियों के निवासियों के लिए अच्छी खबर आई है. यहां की 6 कॉलोनियों में सड़क, सीवर और पेयजल आपूर्ति की लाइन डाली जाएगी. इसे लेकर नगर निगम प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. अप्रैल के महीने से यहां मूलभूत सुविधाएं देने का काम शुरू हो जाएगा. इस योजना पर लगभग 7.25 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है.
इन कॉलोनियों में दी जाएंगी सुविधाएं
1 करोड़ 66 लाख 79 हजार रुपये की लागत से ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी में इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीवर लाइन और पेयजल आपूर्ति की लाइन बिछाने का काम किया जाएगा. 1 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से ओल्ड फरीदाबाद की साई विहार एक्सटेंशन कॉलोनी में सीवर लाइन, सड़क और पेयजल आपूर्ति के लिए लाइन डाली जाएगी. इसके अलावा, 1 करोड़ 33 लाख रुपये की राशि से ओल्ड फरीदाबाद इलाके की भगत सिंह मार्ग कॉलोनी में इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीवर और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी.
1 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से नहर पार की न्यू भारत कॉलोनी एक्सटेंशन- एक में इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीवर और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इसके अलावा, जय श्रीराम एंक्लेव में भी सड़क, सीवर और पेयजल व्यवस्था का इंतजाम किया जाएगा.
जल्द शुरू होगी परियोजना
1 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि से नहर पार की हरि नगर कॉलोनी में भी इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीवर और पेयजल की लाइन बिछाई जाएगी. नगर निगम के कार्यकारी अभियंता सुशील कुमार ठाकरान का कहना है कि अगले महीने के अंत तक इन परियोजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा और इसे तय समय पर पूरा किया जाएगा. पिछले साल ही इन कॉलोनियों को नियमित किया गया था.
