चंडीगढ़ | हरियाणा निकाय चुनावों में नवनिर्वाचित 10 नगर निगमों के मेयर, 28 नगरपालिका- परिषद के प्रधान और 687 वार्डों के पार्षद सदस्यों के लिए आज चंडीगढ़ में शपथग्रहण समारोह आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में सीएम नायब सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. उनके साथ शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी उपस्थित रहे.
587 करोड़ रूपए जारी
सीएम नायब सैनी ने इस कार्यक्रम के दौरान निकायों के लिए 587 करोड़ रूपए की धनराशि जारी की. इसके साथ ही, नगरपालिका की सेवाओं को और सुगम बनाने के लिए ई- समाधान ऐप्लिकेशन, अर्बन कनेक्ट ऐप्लिकेशन और निकायों से जुड़ी आधिकारिक वेबसाइट लांच की. सीएम नायब सैनी ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमेशा जनहित में फ़ैसले लेने हैं. हमें किसी भी तरह का भेदभाव नहीं करना है. हम सबकी जिम्मेदारी है कि बजट का एक- एक पैसा जनता की भलाई और प्रदेश के विकास पर खर्च हो.
उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार ने पोर्टल बनाया है. यदि आपके वार्ड या शहर में नशा बिकता है तो केंद्र सरकार के पोर्टल पर उसकी जानकारी दें. आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी.
CM की बड़ी घोषणाएं
- निगमों में MC फंड 10 करोड़ और नगर परिषद और पालिकाओं में ढाई करोड़ किया.
- वार्ड की मीटिंग में ग्रेजुएट युवक को बुलाने पर 1,000 रुपए दिए जाएंगे.
- तिमाही बैठक के लिए पार्षदों को 1,600 और चेयरमैन को 3 हजार रूपए मिलेंगे.
- विशेष कार्यक्रम के लिए नगर परिषद को 20 हजार और नगर पालिका को 10 हजार रूपए मिलेंगे.
मानदेय में बढ़ोतरी का तोहफा
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि सीएम नायब सैनी ने मेयर का 30 हजार, सीनियर डिप्टी मेयर का 25 हजार और डिप्टी मेयर का 20 हजार मानदेय किया है. इसी तरह नगर परिषद प्रधान का 18 हजार, नगर पालिका प्रधान 15 हजार, उप प्रधान का 12 हजार मासिक मानदेय किया गया है. पार्षदों का भी मानदेय बढ़ाया गया है.
मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि हमारी सरकार ने ये भी फैसला लिया है कि गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस या मुख्यमंत्री का कोई कार्यक्रम हो रहा है, तो उस कार्यक्रम के आयोजन के लिए नगर परिषद् को 20 हजार और नगरपालिका को 10 हजार रूपए दिए जाएंगे.
