रोहतक | हरियाणा की पहलवान रितिका हुड्डा (Ritika Hooda) ने एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर प्रदेश सहित देश का नाम विश्व पटल पर चमका दिया. जॉर्डन के अम्मान में आयोजित हुई इस चैंपियनशिप में उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया और 76 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया. रितिका के इस प्रदर्शन पर परिवार में काफी खुशी का माहौल है. वहीं, रितिका इस जीत से काफी उत्साहित नजर आ रही हैं.
कोरिया की पहलवान को दी मात
25 से 30 मार्च के बीच आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में रितिका हुड्डा ने सेमीफाइनल मुकाबले में कोरिया की पहलवान सेउयोन जोंग को 10- 0 से पटखनी देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया. उसके बाद, हुए फाइनल मुकाबले में उन्हें 7- 6 से हार का सामना करना पड़ा और रजत पदक से संतोष करना पड़ा. इस बारे में जानकारी देते हुए उनके कोच ने बताया कि रितिका ने कुश्ती की शुरुआत 72 किलोग्राम भार वर्ग में की, जिसमें उन्होंने दर्जनों मेडल अपने नाम किए. ओलंपिक में यह भार वर्ग नहीं होता, इसलिए इस खिलाड़ी द्वारा 76 किलोग्राम भार वर्ग में खेलना शुरू किया गया.
3 पहलवानों ने किया प्रदेश का नाम रोशन
इस प्रतियोगिता में प्रदेश की पहलवानों ने 3 पदक जीतकर प्रदेश का नाम चमकाया है. रितिका के अलावा, मुस्कान नांदल ने 59 किलोग्राम भार वर्ग में और मानसी लाठर ने 68 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया. कोच मनदीप ने जानकारी दी कि पहले राउंड में रितिका को बाई मिली. वहीं, दूसरे राउंड में जापान की पहलवान नोडोका यामामोटो को 10- 0 से हराकर उन्होंने सेमीफाइनल में अपनी एंट्री पक्की की.
